फेफड़ों का कैंसर

(फेफड़े का कार्सिनोमा)

इनके द्वाराMaria A. Velez, MD, MS, University of California, Los Angeles
द्वारा समीक्षा की गईM. Patricia Rivera, MD, University of Rochester Medical Center
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया संशोधित फ़र॰ २०२६
v728098_hi

पुरुषों और महिलाओं दोनों में कैंसर से होने वाली ज़्यादातर मौतें, फेफड़ों के कैंसर के कारण होती हैं। लगभग 85% मामले सिगरेट पीने से संबंधित होते हैं।

  • एक सामान्य लक्षण लगातार खांसी या क्रोनिक खांसी के तरीके में बदलाव है।

  • छाती के एक्स-रे से फेफड़ों के कैंसर का पता लग सकता है, लेकिन निदान की पुष्टि के लिए अन्य अतिरिक्त इमेजिंग परीक्षण (जैसे CT और PET-CT) और बायोप्सी भी ज़रूरी होते हैं।

  • फेफड़े के कैंसर के उपचार के लिए सर्जरी, कीमोथेरेपी, टार्गेटेड एजेंट, इम्युनोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी, इन सभी का उपयोग किया जा सकता है।

फेफड़ों का कैंसर दुनिया भर में कैंसर से होने वाली मौतों का प्रमुख कारण है। विश्व स्तर पर कैंसर के सभी नए निदानों में फेफड़ों के कैंसर की हिस्सेदारी लगभग 12% है और कैंसर से होने वाली मौतों में लगभग 19% है। दुनिया भर में फेफड़ों के कैंसर की घटनाओं में काफी भिन्नता है, कुछ क्षेत्रों में घटना दर अधिक (जैसे ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड) है और कुछ में कम (जैसे पश्चिम अफ़्रीका) है। इसमें पुरुषों की प्रधानता है। लिंग और क्षेत्र के आधार पर इन भिन्नताओं को आंशिक रूप से धूम्रपान के अलग-अलग प्रचलन और आर्थिक विकास के स्तरों द्वारा समझाया जा सकता है। अमेरिका में, 2025 में फेफड़ों के कैंसर के अनुमानित 226,650 नए मामलों के निदान की उम्मीद है (पुरुषों में लगभग 110,680 और महिलाओं में 115,970), और 124,730 लोगों की इस बीमारी से मृत्यु होने की आशंका है।

प्राथमिक फेफड़े का कैंसर वह होता है, जो फेफड़ों की कोशिकाओं से शुरू होता है। फेफड़ों का प्राइमरी कैंसर सांस की उन नलियों में शुरू हो सकता है, जो ट्रेकिया से कई हिस्सों (ब्रोंकाई) या फेफड़े के छोटे वायु कोशों (एल्विओलाई) में बँटकर फेफड़ों में हवा पहुँचाती हैं।

फेफड़ों का मेटास्टैटिक कैंसर वह कैंसर है जो शरीर के किसी दूसरे हिस्से में शुरू होकर फेफड़ों में फैल जाता है (सबसे आमतौर पर स्तनों, कोलोन, प्रोस्टेट, किडनी, थायरॉइड ग्रंथि, पेट, गर्भाशय ग्रीवा, मलाशय, वृषण, हड्डियों या त्वचा से)।

फेफड़े और वायुमार्ग की अंदरूनी जानकारी

फेफड़ों के प्राइमरी कैंसर की निम्न 2 मुख्य श्रेणियां हैं:

  • फेफड़ों का थोड़ी बड़ी कोशिकाओं वाला कैंसर: फेफड़ों के लगभग 85% कैंसर, इस श्रेणी में आते हैं। यह कैंसर फेफड़ों के छोटी कोशिका वाले कैंसर की तुलना में काफ़ी धीमे फैलता है। इसके बावजूद, 40% लोगों को जब तक रोग का पता चलता है, तब तक कैंसर, छाती से बाहर शरीर के अन्य हिस्सों तक फैल चुका होता है। गैर–चोटी कोशिका वाले फेफड़ों के कैंसर के सबसे आम प्रकार स्क्वेमस सेल कार्सिनोमा हैं, जो वायुमार्ग की परत वाली कोशिकाओं में शुरू होता है; एडेनोकार्सिनोमा, जो फेफड़ों की छोटी वायु थैलियों (एल्विओलाई) की परत वाली कोशिकाओं में शुरू होता है; बड़ी कोशिका वाले कार्सिनोमा, जिसमें बड़े, खराब रूप से परिभाषित (विभेदित) कोशिका प्रकार होते हैं; और सारकोमेटॉइड कार्सिनोमा, जो एक मिश्रित-ऊतक कैंसर है जिसमें 1 से अधिक खराब रूप से विभेदित कोशिका प्रकार होते हैं।

  • फेफड़ों का छोटी कोशिका वाला कैंसर: फेफड़ों के कैंसर के लगभग 15% मामले, इस कैंसर के होते हैं, जिसे कभी-कभी ओट कोशिका कार्सिनोमा कहा जाता है। यह बहुत खतरनाक होता है और तेज़ी से फैलता है। अधिकांश लोगों में जब तक इसका पता चलता है, तब तक कैंसर शरीर के अन्य हिस्सों में फैल चुका होता है।

फेफड़ों के दुर्लभ कैंसर में निम्न शामिल हैं:

फेफड़ों के कैंसर के कारण

फेफड़ों के कैंसर का सबसे बड़ा कारण सिगरेट पीना है, फेफड़ों के कैंसर के लगभग 85% मामले इसी कारण होते हैं। फेफड़ों में कैंसर होने की संभावना इसके आधार पर अलग-अलग होती है कि व्यक्ति कितनी सिगरेट पीता है और वह कितने सालों से धूम्रपान कर रहा है। इसके बावजूद, बहुत ज़्यादा धूम्रपान करने वाले लोगों को फेफड़े का कैंसर नहीं होता है। जो लोग धूम्रपान छोड़ देते हैं, उनमें फेफड़ों का कैंसर होने की संभावना कम हो जाती है, लेकिन फिर भी उनमें फेफड़ों का कैंसर होने की संभावना उन लोगों से ज़्यादा होती है, जिन्होंने कभी भी धूम्रपान नहीं किया होता है।

फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित लगभग 15 से 20% लोगों ने कभी भी धूम्रपान नहीं किया होता है या बहुत कम धूम्रपान किया होता है। इन लोगों में, फेफड़ों का कैंसर होने का कारण अज्ञात होता है, लेकिन इनके कुछ आनुवंशिक म्यूटेशन ज़िम्मेदार होता है।

अन्य संभावित जोखिम कारकों में निम्न शामिल हैं:

  • वायु प्रदूषण

  • सिगरेट के धुएं के संपर्क में आना

  • सेकेंड हैंड सिगरेट के धुएं के संपर्क में आना

  • एसबेस्टस, रेडिएशन, रेडॉन, आर्सेनिक, क्रोमेट्स, निकल, क्लोरोमिथाइल ईथर, पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन, मस्टर्ड गैस, या कोक-ओवन उत्सर्जन जैसे कार्सिनोजन के संपर्क में आना जिनका सामना आपसे काम के दौरान होता है या जो सांस के साथ आपके शरीर के अन्दर जाते हैं

  • खाना पकाने और गर्म करने के लिए खुले में आग का इस्तेमाल करना

फेफड़ों का कैंसर होने का जोखिम उन लोगों को ज़्यादा होता है, जो इन पदार्थों के संपर्क में आते हैं और जो साथ में सिगरेट भी पीते हैं।

ई-सिगरेट जैसे इलेक्ट्रॉनिक निकोटीन डिलीवरी सिस्टम से संबंधित फेफड़ों के कैंसर का जोखिम अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, हालांकि डॉक्टर मानते हैं कि कैंसर निकोटीन से नहीं, बल्कि तंबाकू को जलाने से बनने वाले पदार्थों के कारण होता है।

यह अज्ञात है कि मारिजुआना धूम्रपान फेफड़ों के कैंसर के खतरे को बढ़ाता है या नहीं।

घरेलू रेडॉन के संपर्क में आना फेफड़ों के कैंसर के लिए एक जोखिम फ़ैक्टर है।

दुर्लभ मामलों में, फेफड़ों के कैंसर, ख़ासतौर पर एडेनोकार्सिनोमा और ब्रोंकोएल्विओलर सेल कार्सिनोमा (ऐसा एडेनोकार्सिनोमा, जिसे इन-सिटू एडेनोकार्सिनोमा भी कहा जाता है), उन लोगों को होता है, जिनके फेफड़े पहले ही फेफड़ों की अन्य बीमारियों, जैसे ट्यूबरक्लोसिस से थोड़े खराब हो चुके होते हैं। इसके अलावा, जो लोग धूम्रपान करते हैं और बीटा-कैरोटीन सप्लीमेंट लेते हैं, उनमें फेफड़ों के कैंसर होने का जोखिम बढ़ सकता है।

क्या आप जानते हैं...

  • हालांकि ज़्यादातर मामले धूम्रपान के कारण होते हैं, लेकिन धूम्रपान नहीं करने वालों को भी फेफड़ों का कैंसर हो सकता है।

आनुवंशिक परिवर्तन

डॉक्टरों ने कई ऐसे जीन की पहचान की है जो फेफड़ों के कैंसर से जुड़े हैं। इन जीन में होने वाले परिवर्तनों को म्यूटेशन कहा जाता है। फेफड़ों के कैंसर में होने वाले म्यूटेशन अक्सर समय के साथ कुछ खास जीन में बार-बार होते हैं। गैर-छोटी कोशिका वाले फेफड़ों के कैंसर (उदाहरण के लिए, EGFR, ALK, KRAS, ROS, NTRK1, NTRK2, NTRK3 और CDKN2A) और छोटी कोशिका वाले फेफड़ों के कैंसर (उदाहरण के लिए, MYC, NOTCH1 और NOTCH2) से कुछ विशिष्ट जीन म्यूटेशन जुड़े होते हैं। लेकिन कई अन्य जीन की भी पहचान की गई है (उदाहरण के लिए, TP53)। डॉक्टर फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित लोगों में इन जीन परिवर्तनों (बायोमार्कर) का परीक्षण करते हैं, ताकि यह निर्धारित करने में मदद मिल सके कि जीन म्यूटेशन की कौन सी लक्षित थेरेपी प्रभावी होगी।

फेफड़ों के कैंसर के लक्षण

फेफड़े के कैंसर के लक्षण इसके प्रकार, इसके स्थान और फेफड़ों के भीतर, फेफड़ों के पास के क्षेत्रों में या शरीर में कहीं और फैलने के तरीके पर निर्भर करते हैं। कुछ लोगों में जांच के समय कोई लक्षण नहीं होता है।

सबसे आम लक्षणों में से एक लगातार चलने वाली खांसी होती है और जिन लोगों को क्रोनिक खांसी हो, उनकी खांसी के तरीके में बदलाव आना शामिल होता है। कुछ लोगों को खांसी में या थूक में खून आता है (हिमाप्टिसिस)। दुर्लभ मामलों में, फेफड़ों का कैंसर नीचे मौजूद रक्त वाहिका तक बढ़ जाता है और अत्यधिक रक्तस्राव करता है।

फेफड़ों के कैंसर के अन्य अनिश्चित लक्षणों में भूख न लगना, वजन कम होना, थकावट, छाती में दर्द और कमज़ोरी शामिल हैं।

फेफड़ों के कैंसर से होने वाली जटिलताएँ

फेफड़ों का कैंसर सांस की नली को संकरा कर सकता है, जिससे गले में घरघराहट होने लगती है। अगर ट्यूमर सांस की नली को ब्लॉक कर देता है, तो फेफड़ों में हवा पहुँचाने वाली नली बंद हो सकती है, इस स्थिति को एटेलेक्टेसिस कहा जाता है। सांस की नली ब्लॉक होने से सांस फूलने और निमोनिया जैसी अन्य जटिलताएँ हो सकती हैं, जिनके कारण खांसी, बुखार और छाती में दर्द हो सकता है।

अगर ट्यूमर छाती की दीवार तक बढ़ जाता है, तो वह लगातार बना रहने वाला, तेज़ दर्द उत्पन्न कर सकता है। कैंसरयुक्त कोशिकाओं वाला फ़्लूड फेफड़ों और छाती की दीवार के बीच जमा हो सकता है (इस स्थिति को मैलिग्नेंट प्लूरल इफ़्यूज़न कहा जाता है)। फ़्लूड की अधिक मात्रा होने पर सांस फूल सकती है और छाती में दर्द हो सकता है। अगर कैंसर फेफड़ों में पूरी तरह फैल जाता है, तो रक्त में ऑक्सीजन की मात्रा कम हो जाती है, जिससे सांस फूलने लगती है और कुछ समय बाद हृदय का दायाँ हिस्सा बड़ा हो जाता है और हृदय काम करना बंद कर सकता है (इस विकार को कॉर पल्मोनेल कहा जाता है)।

फेफड़ों का कैंसर गर्दन की कई तंत्रिकाओं में बढ़ सकता है, जिससे पलकें भारी, आँखों की पुतलियाँ छोटी और चेहरे के एक ओर पसीना कम आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं—इन लक्षणों को एक साथ हॉर्नर सिंड्रोम कहा जाता है।

फेफड़ों के ऊपर मौजूद कैंसर, बाँह तक जाने वाली तंत्रिकाओं में बढ़ सकता है, जिससे बाँह या कंधे में दर्द, सुन्नता और कमज़ोरी आ सकती है। इस स्थान के ट्यूमर को अक्सर पैनकोस्ट ट्यूमर कहा जाता है। जब ट्यूमर छाती के बीच में स्थित तंत्रिकाओं में बढ़ जाता है, तो वॉइस बॉक्स तक जाने वाली तंत्रिका क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे आवाज़ में भारीपन आ जाता है और डायाफ़्राम तक जाने वाली तंत्रिका क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे सांस फूल सकती है और रक्त में ऑक्सीजन की मात्रा कम हो सकती है।

फेफड़ों का कैंसर इसोफ़ेगस के अंदर या उसके पास बढ़ सकता है, जिससे खाना निगलने में मुश्किल या खाना निगलने में दर्द होता है।

फेफड़ों का कैंसर, हृदय में या छाती के बीच (मीडियास्टीनल) के क्षेत्र में बढ़ सकता है, जिससे हृदय की लय असामान्य हो जाती है, हृदय तक रक्त का प्रवाह या हृदय को घेरे रहने वाले कोश में भरा फ़्लूड ब्लॉक हो जाता है।

कैंसर, छाती की किसी बड़ी शिरा (सुपीरियर वेना कावा) में बढ़कर उसे दबा सकता है। इस स्थिति को सुपीरियर वेना कावा सिंड्रोम कहा जाता है। सुपीरियर वेना कावा के ब्लॉक होने से रक्त शरीर के ऊपरी हिस्से की अन्य शिराओं में अधिक जाने लगता है। इससे छाती की दीवार में मौजूद शिराएं चौड़ी हो जाती हैं। चेहरा, गर्दन और छाती की ऊपरी दीवार—स्तनों सहित—सूज सकती है, जिससे उसमें दर्द हो सकता है और वह लाल और गर्म हो सकती है। इस स्थिति में सांस का फूलना, सिरदर्द, भ्रमित नज़र, चक्कर आना और उनींदापन भी हो सकता है। ये लक्षण आमतौर पर तब बढ़ जाते हैं, जब व्यक्ति आगे झुकता है या लेटता है।

फेफड़ों का कैंसर, रक्त के प्रवाह के साथ शरीर के अन्य हिस्सों में भी फैल सकता है, ख़ासतौर पर लिवर, मस्तिष्क, एड्रेनल ग्लैंड, स्पाइनल कॉर्ड या हड्डियों में। फेफड़ों के कैंसर का फैलना, इस रोग की शुरुआती अवस्था में ही हो सकता है, ख़ासतौर पर फेफड़ों के छोटी कोशिका वाले कैंसर में। सिरदर्द, मतिभ्रम, सीज़र्स और हड्डियों में दर्द—जैसे लक्षण—फेफड़ों की अन्य किसी भी समस्या के उत्पन्न होने से पहले उत्पन्न हो सकते हैं, जिससे रोग का शुरुआत में ही पता चलना मुश्किल हो जाता है।

पैरानियोप्लास्टिक सिंड्रोममें ऐसे प्रभाव शामिल होते हैं, जो कैंसर से होते हैं लेकिन कैंसर के स्थान से दूर, जैसे कि तंत्रिकाओं और मांसपेशियों में दिखाई देते हैं। ये सिंड्रोम फेफड़ों के आकार या स्थान से संबंधित नहीं होते हैं और यह संकेत नहीं देते हैं कि कैंसर छाती से बाहर फैल चुका है। ये सिंड्रोम कैंसर द्वारा स्रावित पदार्थों के कारण उत्पन्न होते हैं (जैसे कि हार्मोन, साइटोकाइंस और अन्य कई प्रोटीन)। फेफड़ों के कैंसर के सामान्य पैरानियोप्लास्टिक प्रभावों में शामिल हैं:

फेफड़ों के कैंसर का निदान

  • इमेजिंग

  • ट्यूमर कोशिकाओं का माइक्रोस्कोपिक परीक्षण

  • ट्यूमर का आनुवंशिक परीक्षण

  • चरण निर्धारित करना

जब किसी व्यक्ति को, विशेष रूप से धूम्रपान करने वाले या धूम्रपान छोड़ चुके व्यक्ति को लगातार या बिगड़ती जाने वाली खांसी, फेफड़ों के अन्य लक्षण (जैसे सांस फूलना या खांसी के साथ खून मिला हुआ थूक आना), या वजन कम होने की समस्या होती है, तो डॉक्टर फेफड़ों के कैंसर की संभावना की जांच करते हैं। फेफड़ों के कैंसर की संभावना तब भी होती है, जब ऐसा लगता है कि पीड़ित व्यक्ति को निमोनिया है, लेकिन एंटीबायोटिक्स लेने के बाद भी एक्स-रे में कोई सुधार नहीं दिखाई देता है।

इमेजिंग

छाती का एक्स-रे आमतौर पर सबसे पहला परिक्षण होता है। छाती के एक्स-रे से फेफड़ों के ज़्यादातर ट्यूमर का पता लगा सकता है, लेकिन छोटे ट्यूमर इससे छूट सकते हैं। कभी-कभी अन्य कारणों (जैसे सर्जरी से पहले) के लिए किए गए छाती के एक्स-रे में पाई गई असामान्यता से डॉक्टरों को कैंसर का पहला संकेत मिल सकता है, यद्यपि असामान्यता दिखने से कैंसर की पुष्टि नहीं होती है।

इसके बाद कंप्यूटेड टोमोग्राफ़ी (CT) की जा सकती है। CT से कुछ निश्चित पैटर्न देखने को मिल सकते हैं, जिनसे डॉक्टर को निदान में मदद मिलती है। इनमें छोटे ट्यूमर भी दिखाई दे सकते हैं, जो छाती के एक्स-रे पर नहीं दिखाई देते हैं और यह नहीं बताते हैं कि कहीं छाती के अंदर की लसीका ग्रंथियाँ बढ़ तो नहीं गई हैं।

पॉज़िट्रॉन एमिशन टोमोग्राफ़ी (PET) और PET-CT स्कैनिंग, जिसमें PET और CT स्कैनिंग की तकनीक एक ही मशीन में उपलब्ध होती है, उसका उपयोग संदिग्ध कैंसर वाले लोगों के मूल्यांकन के लिए भी किया जाता है और यह उस बीमारी का पता लगाने में मदद कर सकती है जो छाती के बाहर फैल गई है। अगर CT या PET-CT स्कैन से डॉक्टर्स को पर्याप्त जानकारी नहीं मिलती है, तो मैग्नेटिक रीसोनेंस इमेजिंग (MRI) का उपयोग भी किया जा सकता है।

माइक्रोस्कोपिक परीक्षण

कैंसर का पता लगाने के लिए आमतौर पर कैंसरयुक्त क्षेत्र के ऊतक का माइक्रोस्कोप से परीक्षण करना ज़रूरी होता है। अगर कैंसर के कारण मैलिग्नेंट प्लूरल इफ़्यूज़न हो गया है, तो प्लूरल फ़्लूड को निकालना और उसका टेस्ट करना पर्याप्त हो सकता है। आमतौर पर, हालांकि, डॉक्टरों को सीधे ट्यूमर से ऊतक (बायोप्सी) का एक नमूना प्राप्त करने की आवश्यकता होती है।

ऊतक सैंपल निकालने का एक आम तरीका ब्रोंकोस्कोपी होता है। व्यक्ति की सांस की नली को एक लचीले स्कोप से सीधे देखा जाता है और ट्यूमर के सैंपल निकाले जा सकते हैं। अल्ट्रासोनोग्राफ़ी डिवाइस वाले ब्रोंकोस्कोप, छाती के बीच (मीडियास्टीनम) में मौजूद लसीका ग्रंथियों सहित उस ऊतक को देखकर उससे बायोप्सी सैंपल ले सकते हैं, जिसे सामान्य ब्रोंकोस्कोप से नहीं देखा जा सकता। इससे कैंसर की स्टेज का पता चलता है और उसके अनुसार उपचार शुरू किया जा सकता है।

अगर कैंसर, सांस की मुख्य नलियों से बहुत दूर मौजूद हो और उसे ब्रोंकोस्कोप से देखना हो, तो डॉक्टर आमतौर पर त्वचा में से एक उपकरण डालकर सैंपल निकाल सकते हैं। इस प्रक्रिया को परक्यूटेनियस बायोप्सी कहा जाता है। कभी-कभी यह सैंपल एक सर्जरी करके भी निकाला जा सकता है, जिसे थोरैकोटॉमी कहा जाता है। डॉक्टर मीडियास्टिनोस्कोपी भी कर सकते हैं, जिसमें वे छाती के बीच से बढ़ी हुई लसीका ग्रंथियों (बियोपसी) के सैंपल लेकर उनका परीक्षण करते हैं और पता लगाते हैं कि कहीं लसीका ग्रंथियाँ जलन या कैंसर की वजह से तो नहीं बढ़ी हुई हैं।

आनुवंशिक जांच

डॉक्टर ऊतक के नमूने पर आनुवंशिक परीक्षण करते हैं ताकि यह देखा जा सके कि व्यक्ति का कैंसर किसी ऐसे म्यूटेशन के कारण तो नहीं है जिसका इलाज उन दवाओं से किया जा सकता है जो म्यूटेशन के प्रभावों को लक्षित करती हैं।

चरण निर्धारित करना

माइक्रोस्कोप से कैंसर की पुष्टि हो जाने के बाद, डॉक्टर आमतौर पर यह जानने के लिए कुछ टेस्ट करते हैं कि कहीं वह शरीर में फैल तो नहीं गया है। PET-CT स्कैन और सिर की इमेजिंग (मस्तिष्क का CT या MRI) करके पता लगाया जा सकता है कि क्या फेफड़ों का कैंसर शरीर में फैल गया है, ख़ासतौर पर लिवर, एड्रेनल ग्लैंड या मस्तिष्क में। अगर PET-CT स्कैन उपलब्ध न हो, तो छाती, पेट और पेल्विस और हड्डी का CT स्कैन कराया जा सकता है। हड्डी के स्कैन से पता चल सकता है कि कहीं कैंसर हड्डियों में तो नहीं फैल गया है।

फेफड़ों के कैंसर के चरणों का निर्धारण इंटरनेशनल स्टेजिंग सिस्टम (TNM सिस्टम) का उपयोग करके किया जाता है। कैंसर को निम्न के आधार पर वर्गीकृत किया गया है:

  • ट्यूमर कितना बड़ा है (T)

  • क्या यह पास की लसीका ग्रंथि में फैल गया है (N)

  • क्या यह दूर के अंगों में फैल (मेटास्टेसाइज़्ड़) गया है (M)

अलग-अलग श्रेणियों का उपयोग, कैंसर की स्टेज का पता लगाने के लिए किया जाता है। इनमें से प्रत्येक चरण को आगे संख्याओं, आमतौर पर 1-4 (उदाहरण के लिए, T1N1M1) और कभी-कभी अतिरिक्त अक्षरों a-c (उदाहरण के लिए, T4N2aM0) में उप-विभाजित किया गया है।

फेफड़ों के कैंसर के 4 चरण होते हैं, I, II, III और IV (TNM सिस्टम का उपयोग करके)। छोटी कोशिका वाले फेफड़ों के कैंसर को अतिरिक्त रूप से सीमित चरण की बीमारी (जब कैंसर छाती के एक तरफ तक सीमित हो) और व्यापक चरण की बीमारी (जब कैंसर पूरे शरीर में फैल गया हो) में वर्गीकृत किया जाता है। कैंसर का चरण सबसे उपयुक्त उपचार का सुझाव देता है और डॉक्टरों को व्यक्ति के रोग के पूर्वानुमान का अनुमान लगाने में सहायता करता है। व्यापक मामलों में, उपचार का मुख्य लक्ष्य बीमारी को ठीक करने के बजाय लक्षणों से राहत देना और जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना (उपशामक देखभाल) होता है।

फेफड़ों के कैंसर की जांच

स्क्रीनिंग टेस्ट, बिना लक्षण वाले अत्यधिक जोखिम वाले लोगों में किए जाते हैं, ताकि अगर उन्हें यह रोग हो, तो इसे शुरुआती स्टेज में ही पकड़ा जा सके। फेफड़ों के कैंसर के लिए, स्क्रीनिंग परीक्षणों में कम खुराक वाले CT स्कैन शामिल हैं।

यह देखा गया है कि सभी लोगों की स्क्रीनिंग (भले ही उन्हें जोखिम हो या न हो) से फेफड़ों के कैंसर से होने वाली मौतों का जोखिम कम नहीं होता है, इसलिए इसका सुझाव नहीं दिया जाता है। टेस्ट महँगे हो सकते हैं और गलती से पॉजिटिव (मतलब कैंसर न होने पर भी कैंसर होने का संकेत मिलना) परिणाम आने पर लोग बेवजह परेशान हो सकते हैं। इसका उल्टा भी सही है। कैंसर मौजूद होने के बावजूद भी कभी-कभी टेस्ट का परिणाम निगेटिव हो सकता है।

हालांकि, अत्यधिक जोखिम वाले लोगों की स्क्रीनिंग का सुझाव दिया जाता है। स्क्रीनिंग टेस्ट करने से पहले डॉक्टर सटीकता से यह पता लगाने की कोशिश करते हैं कि किसी व्यक्ति को किसी विशिष्ट कैंसर होने का कितना जोखिम है। फेफड़ों के कैंसर की स्क्रीनिंग से लाभान्वित होने वाले लोगों में वे मध्यम आयु वर्ग और वयोवृद्ध वयस्क शामिल हैं जो बहुत अधिक धूम्रपान करते हैं या जिन्होंने कई वर्षों तक धूम्रपान किया हो। दिशानिर्देश 50 से 80 वर्ष की आयु के उन लोगों के लिए स्क्रीनिंग की सिफारिश करते हैं जिनका सिगरेट धूम्रपान का इतिहास 20 पैक-वर्ष से अधिक है (धूम्रपान के वर्षों को प्रति दिन पैक की संख्या से गुणा करके गणना की जाती है) जो अभी भी धूम्रपान करते हैं या जिन्होंने पिछले 15 सालों में धूम्रपान छोड़ दिया हो। विकिरण की सामान्य से कम मात्रा का उपयोग करने वाली तकनीक वाला CT हर साल कराने से कई कैंसर का पता चल जाता है, जिनको समय पर ठीक करके लोगों की जान बचाई जा सकती है। हालांकि, अधिक जोखिम वाले इन लोगों में छाती के एक्स-रे देखना और थूक का परीक्षण करने का सुझाव नहीं दिया जाता है।

फेफड़े के कैंसर का इलाज

  • सर्जरी

  • विकिरण चिकित्सा

  • कीमोथेरपी

  • लक्षित थेरेपीज़

  • इम्युनोथेरेपी

छोटी कोशिका और थोड़ी बड़ी कोशिशका वाले फेफड़े के कैंसर दोनों के लिए डॉक्टर अलग-अलग तरह से इलाज कर सकते हैं। सर्जरी, कीमोथेरेपी, इम्युनोथेरेपी, टार्गेटेड थेरेपी (वे उपचार जो संबंधित कैंसर पैदा करने वाले जीन म्यूटेशन को लक्षित करते हैं) और रेडिएशन थेरेपी का उपयोग व्यक्तिगत रूप से या संयोजन में किया जा सकता है। उपचारों का सटीक संयोजन निम्न पर निर्भर करता है:

  • कैंसर का प्रकार

  • कैंसर होने की जगह

  • कैंसर की गंभीरता

  • कैंसर कितना फैल चुका है

  • व्यक्ति का संपूर्ण स्वास्थ्य

उदाहरण के लिए, एडवांस्ड नॉन-स्मॉल सेल फेफड़े के कैंसर वाले कुछ लोगों में सर्जरी के माध्यम से निकाले जाने के पहले, बाद में या उसके बजाय कीमोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी की जा सकती है।

फेफड़े के कैंसर की सर्जरी

फेफड़े का थोड़ी बड़ी कोशिका वाला कैंसर, जो फेफड़े के बाहर तक नहीं फैला हो (शुरुआती स्टेज में), उसके उपचार के लिए सर्जरी सबसे पहली प्राथमिकता हो सकती है। सामान्य तौर पर, छोटे सेल वाले फेफड़ों के कैंसर के शुरुआती चरण में सर्जरी का उपयोग नहीं किया जाता है, क्योंकि यह आक्रामक कैंसर अक्सर निदान के समय फेफड़ों से बाहर फैल चुका होता है और इसलिए कीमोथेरेपी और विकिरण चिकित्सा के साथ इलाज किया जाता है। नॉन-स्मॉल सेल वाले फेफड़ों के कैंसर के मामले में यदि कैंसर फेफड़े के बाहर तक फैल चुका है, यदि कैंसर सांस की नली के बहुत पास है या यदि व्यक्ति को अन्य कोई गंभीर बीमारी है (जैसे हृदय या फेफड़ों से संबंधी कोई गंभीर बीमारी), तो हो सकता है कि सर्जरी करना संभव ना हो।

सर्जरी के पहले, डॉक्टर पल्मोनरी फ़ंक्शन परीक्षण करते हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सर्जरी के बाद फेफड़े का शेष बचा भाग पर्याप्त ऑक्सीज़न पहुंचाने और सांस लेने का काम कर पाएगा या नहीं। अगर जांच के परिणामों से पता चलता है कि फेफड़ों का कैंसर वाला भाग निकालने के बाद फेफड़े ठीक तरह से काम नहीं कर पाएँगे, तो ऐसी स्थिति में सर्जरी संभव नहीं होती है। निकाले जाने वाले फेफड़े की मात्रा सर्जन द्वारा तय की जाती है, जिसमें फेफड़े के एक छोटे से हिस्से से लेकर पूरे फेफड़े तक की मात्रा अलग-अलग होती है।

हालांकि नॉन-स्मॉल सेल फेफड़े के कैंसर को सर्जरी द्वारा निकाला जा सकता है, लेकिन इस भाग को हटा देने से ही इलाज पूर्ण नहीं हो जाता है। सर्जरी के बाद पूरक (सहायक) कीमोथेरेपी जीवित रहने की दर को बढ़ाने में मदद कर सकती है और यह सबसे छोटे कैंसर को छोड़कर सभी के लिए किया जाता है। कभी-कभी कीमोथेरेपी, सर्जरी के पहले की जाती है (इसे नियोएड्जुवेंट थेरेपी कहते हैं), इससे सर्जरी के पहले ट्यूमर को छोटा करने में मदद मिलती है।

कभी-कभी, कैंसर जो शरीर के किसी अन्य भाग से शुरू होता है (उदाहरण के लिए, कोलोन में) और फेफड़े तक फैल जाता है, उसे शुरू होने वाले भाग से निकालने के बाद फेफड़े से निकाला जाता है। इस प्रक्रिया का सुझाव बहुत कम ही दिया जाता है और परीक्षण में यह पता लग जाना चाहिए कि कैंसर फेफड़े के बाहर किसी और जगह तक नहीं फैला है।

फेफड़े के कैंसर के लिए रेडिएशन थेरेपी

नॉन-स्मॉल सेल और स्मॉल सेल कैंसर दोनों में रेडिएशन थेरेपी की जाती है। यह उन लोगों में की जा सकती है, जो सर्जरी नहीं कराना चाहते हैं या जो किसी अन्य शारिरीक स्थिति (जैसे कोरोनरी धमनी से संबंधित कोई गंभीर बीमारी) की वजह से सर्जरी नहीं करा सकते हैं या जिनमें कैंसर आस-पास के अंगों जैसे लसीका ग्रंथियों तक फैल चुका हो। वैसे तो कैंसर के इलाज करने के लिए रेडिएशन थेरेपी की जाती है, लेकिन कुछ लोगों में यह कैंसर को केवल थोड़ा सिकोड़ देती है या उसके बढ़ने की गति को कम कर देती है। इन लोगों में कीमोथेरेपी के साथ रेडिएशन थेरेपी करने पर लंबा जीवन जिया जा सकता है।

फेफड़े के छोटी कोशिका वाले कैंसर वाले कुछ लोग जिनमें कीमोथेरेपी प्रभावी होती है, उन्हें सिर में रेडिएशन थेरेपी से भी फ़ायदा मिल सकता है, ताकि कैंसर मस्तिष्क तक ना फैले। अगर कैंसर पहले ही मस्तिष्क तक पहुंच चुका है, तो सिरदर्द, भ्रम और दौरे जैसे लक्षणों को कम करने के लिए आमतौर पर मस्तिष्क की रेडिएशन थेरेपी की जाती है।

फेफड़े के कैंसर में होने वाली जटिलताओं को नियंत्रित करने में भी रेडिएशन थेरेपी मददगार होती है, जटिलताओं में शामिल है खांसी में खून आना, हड्डियों में दर्द, सुपीरियर वेना कावा सिंड्रोम और स्पाइनल कॉर्ड कम्प्रेशन।

फेफड़े के कैंसर की कीमोथेरेपी

नॉन-स्मॉल सेल और स्मॉल सेल, फेफड़े के दोनों प्रकार के कैंसर में कीमोथेरेपी की जाती है। स्मॉल सेल फेफड़े के कैंसर का मुख्य इलाज है, कीमोथेरेपी के साथ रेडिएशन थेरेपी करना। यह दृष्टिकोण पसंद किया जाता है क्योंकि छोटे सेल फेफड़ों का कैंसर आक्रामक होता है और निदान के समय तक अक्सर शरीर के दूर के हिस्सों में फैल गया होता है। जिन लोगों में बीमारी काफ़ी बढ़ चुकी है, उनकी कीमोथेरेपी की जाती है, ताकि लंबा जीवन जिया जा सके।

नॉन-स्मॉल सेल फेफड़े के कैंसर में कीमोथेरेपी के ज़रिए लंबा जीवन जिया जा सकता है और लक्षणों का उपचार किया जा सकता है। वे लोग, जिनमें फेफड़े का स्मॉल सेल कैंसर शरीर के अन्य भागों तक फैल चुका है, इलाज मिलने पर उनकी औसत आयु 9 महीनों तक बढ़ जाती है। लक्षित थेरेपी से कैंसर के मरीज की आयु बढ़ भी सकती है।

फेफड़े के कैंसर की लक्षित थेरेपी

कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी या कुछ नई लक्षित थेरेपी करने के बाद नॉन-स्मॉल सेल वाले फेफड़े के कैंसर से ग्रसित कुछ लोग काफ़ी लंबा जीवन जीते हैं। टार्गेटेड थेरेपी में ऐसी दवाएं शामिल हैं, जैसे जैविक एजेंट जो विशेष रूप से उन आनुवंशिक म्यूटेशन को लक्षित करते हैं जो फेफड़ों के ट्यूमर का कारण बनते हैं। हाल के अध्ययन में पता चला है कि कैंसर कोशिकाओं में प्रोटीन होता है और ऐसी रक्त वाहिकाएं होती हैं, जो कैंसर की कोशिकाओं का पोषण करती हैं। इन प्रोटीन की वजह से कैंसर और मेटास्टेसिस को नियंत्रित करने और उसे बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। दवाओं को विशेष रूप से असामान्य प्रोटीन के प्रभावों को प्रभावित करने और संभावित रूप से कैंसर कोशिकाओं को मारने या उनके बढ़ने को रोकने के लिए तैयार किया गया है। महत्वपूर्ण फेफड़ों के कैंसर की टार्गेट की गई थेरेपी में EGFR इन्हिबिटर्स (उदाहरण के लिए, ओसिमरटिनिब), ALK इन्हिबिटर्स (उदाहरण के लिए, अलेक्सिटिनिब और लोरलाटिनिब), ROS इन्हिबिटर्स (उदाहरण के लिए, क्रिज़ोटिनिब), BRAF इन्हिबिटर्स (उदाहरण के लिए, डेब्राफ़िनिब), MET इन्हिबिटर्स (उदाहरण के लिए, टेपोटिनिब), और NTRK1, NTRK2 या NTRK3 जीन फ्यूजन इन्हिबिटर्स (उदाहरण के लिए, एंट्रेक्टिनिब) शामिल हैं।

इम्युनोथेरेपी दवाएं, जिनमें निवोलुमैब, पैम्ब्रोलिज़ुमैब, डर्वालुमैब, आइपिलीमुमैब और एटिज़ोलिज़ुमैब शामिल हैं, व्यक्ति की अपनी प्रतिरक्षा प्रणाली को कैंसर से लड़ने के योग्य बनाती हैं। इन दवाओं का उपयोग सामान्य कीमोथेरेपी एजेंटों के बजाय, उनके साथ संयोजन में, या पारंपरिक कीमोथेरेपी एजेंटों के आजमाए जाने और काम न करने के बाद किया जा सकता है।

फेफड़े के कैंसर के लिए लेजर और ऐब्लेशन थेरेपी

कभी-कभी फेफड़े के ट्यूमर को निकालने या उसका आकार छोटा करने के लिए लेजर थेरेपी भी की जाती है। वे लोग, जिनमें छोटे आकार का ट्यूमर हो या जो सर्जरी नहीं करवा सकते हों, उनमें ट्यूमर की कोशिकाओं को नष्ट करने के लिए अधिक ऊर्जा वाला करंट (रेडियोफ़्रिक्वेंसी एब्लेशन) या कोल्ड (क्रायोएब्लेशन) किया जा सकता है।

अन्य उपचार

फेफड़े के कैंसर वाले लोगों में अक्सर अन्य इलाज भी करनी पड़ सकती हैं। पल्लीएटिव जैसे ऐसे कई उपचार हैं, जो कैंसर का इलाज करने के बजाय उसके लक्षणों से राहत देने और जीवन को बेहतर बनाने के लिए किए जाते हैं।

चूंकि फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित कई लोगों के फेफड़ों की कार्यक्षमता में काफी कमी आ जाती है, चाहे उनका उपचार हो या न हो, उनके लिए ऑक्सीजन थेरेपी और ब्रोंकोडायलेटर्स (वायुमार्ग को चौड़ा करने वाली दवाएं) सांस लेने में सहायता कर सकती हैं।

अक्सर दर्द का उपचार करना पड़ता है। ओपिओइड्स का उपयोग अक्सर दर्द से राहत के लिए किया जा सकता है लेकिन उनसे कब्ज जैसे दुष्प्रभाव हो सकते हैं, जिनके लिए भी उपचार की आवश्यकता होती है।

फेफड़े के कैंसर का पूर्वानुमान

फेफड़े के कैंसर का पूर्वानुमान लगाना कठिन है। व्यापक छोटी कोशिका वाले फेफड़ों के कैंसर या उन्नत गैर–छोटी कोशिका वाले फेफड़ों के कैंसर वाले लोगों की स्थिति विशेष रूप से खराब होती है। जल्दी निदान से लंबा जीवन जीने की संभावना बढ़ जाती है।

NSCLC के लिए, 5 साल की जीवित रहने की दर चरण के अनुसार भिन्न होती है, जो चरण I के रोगियों के लिए 65 से 80%, चरण II के लिए 30 से 60%, चरण III के रोगियों के लिए 13 से 36% और चरण IV की बीमारी के लिए 5 से 62% तक होती है।

सीमित चरण वाले SCLC के लिए, सामान्य जीवित रहने का समय 25 से 56 महीनों के बीच होता है, जिसमें 16 से 28% रोगी कम से कम 5 वर्षों तक जीवित रहते हैं। व्यापक चरण वाले SCLC के लिए, संभावनाएं और भी खराब होती हैं, जिसमें सामान्य जीवित रहने का समय लगभग 1 वर्ष होता है, और 12% रोगी कम से कम 5 वर्षों तक जीवित रहते हैं।

कैंसर से बचने वाले लोगों को समय-समय पर छाती का एक्स-रे और CT स्कैन जैसी जांचें नियमित रूप से करवाते रहना चाहिए ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि कैंसर फिर से नहीं लौटा है। आमतौर पर, यदि कैंसर लौटता है, तो यह पहले 2-सालों में हो जाता है। हालांकि, फेफड़े के कैंसर के उपचार के बाद 5 सालों तक बराबर नज़र रखने का सुझाव दिया जाता है और इसके बाद लोगों को ज़िंदगी भर के लिए, हर साल डॉक्टर से जांच करानी होती है।

चूंकि फेफड़े के कैंसर की वजह से बहुत सारे लोगों की मौत हो जाती है, इसलिए आमतौर पर मृत्यु-पूर्व देखभाल की योजना बनाना आवश्यक होता है। हालांकि, लाइलाज फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित लोगों में चिंता और दर्द आम है, लेकिन उपयुक्त दवाओं द्वारा इन लक्षणों से राहत पाई जा सकती है।

फेफड़ों के कैंसर की रोकथाम

फेफड़े के कैंसर की रोकथाम के लिए धूम्रपान छोड़ना और कैंसर पैदा करने वाले संभावित पदार्थों से बचना शामिल है। फेफड़ों के कैंसर के उच्च जोखिम वाले रोगियों की भी जांच की जानी चाहिए। संपर्क को सीमित करने के लिए लोगों को अपने घरों में रेडॉन के स्तर की भी निगरानी करनी चाहिए। एसबेस्टस और डीजल निकास के उत्सर्जन के संपर्क को कम करना भी महत्वपूर्ण है।

अधिक जानकारी

निम्नलिखित अंग्रेजी भाषा के संसाधन उपयोगी हो सकते हैं। कृपया ध्यान दें कि इन संसाधनों की सामग्री के लिए मैनुअल ज़िम्मेदार नहीं है।

  1. American Cancer Society: फेफड़ों का कैंसर

  2. American Lung Association: फेफड़ों का कैंसर

  3. CancerCare: फेफड़ों का कैंसर

  4. National Cancer Institute: फेफड़ों का कैंसर

  5. कैंसर नेशन (पूर्व में नेशनल कोएलिशन फॉर कैंसर सर्वाइवरशिप)

quizzes_lightbulb_red
अपना ज्ञान परखेंएक क्वज़ि लें!
iOS ANDROID
iOS ANDROID
iOS ANDROID