मोतियाबिंद

इनके द्वाराLeila M. Khazaeni, MD, Loma Linda University School of Medicine
द्वारा समीक्षा की गईSunir J. Garg, MD, FACS, Thomas Jefferson University
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया संशोधित नव॰ २०२५
v798753_hi

मोतियाबिंद आँख के लेंस का धुंधलापन (अपारदर्शिता) होता है जिसके कारण दृष्टि की प्रगतिशील, दर्द रहित हानि होती है।

  • दृष्टि धुंधली हो सकती है, वस्तुओं के बीच अंतर करने की क्षमता कम हो सकती है, और रोशनी के चारों ओर प्रभामंडल दिख सकते हैं।

  • डॉक्टर ऑफ्थैल्मोस्कोप या स्लिट लैंप से आँख की जाँच करके मोतियाबिंद को पहचान सकते हैं।

  • अधिकांश मोतियाबिंद निकाले जा सकते हैं और उनकी जगह कृत्रिम लेंस लगाया जा सकता है।

(विकासात्मक या जन्मजात मोतियाबिंदों के लिए, देखें जन्मजात मोतियाबिंद।)

मोतियाबिंद दुनिया भर में अंधेपन का अग्रणी कारण हैं। अमेरिका में मोतियाबिंद आम हैं, जहाँ वे अधिकतर वृद्ध वयस्कों को प्रभावित करते हैं। दुनिया भर में 60 वर्ष से अधिक की उम्र के आधे से ज़्यादा लोगों को मोतियाबिंद होता है। सौभाग्य से, अमेरिका के निवासी अक्सर अपने मोतियाबिंदों का उपचार उनके कारण अंधापन होने से पहले ही करवा लेते हैं।

मोतियाबिंद आम तौर से उम्र के ढलने के साथ होते हैं या बिना किसी स्पष्ट कारण के विकसित होते हैं। हालांकि, अन्य जोखिम कारकों में निम्नलिखित शामिल हैं:

  • आँख में चोट लगना

  • कुछ खास दवाइयों का लंबे समय तक उपयोग (जैसे कि स्टेरॉइड, जिसे कभी-कभी ग्लूकोकॉर्टिकॉइड्स या कॉर्टिकोस्टेरॉइड भी कहा जाता है)

  • एक्स-रे के साथ लंबे समय तक संपर्क (जैसे आँख की रेडिएशन थेरेपी के समय)

  • आँख के शोथजनक और संक्रामक रोग (जैसे कि ऊवाइटिस)

  • मधुमेह जैसे रोग

  • अल्प पोषण

  • धूम्रपान

  • लंबे समय तक धूप में रहना

  • शराब का उपयोग

  • इन्फ्रारेड के संपर्क से मिलने वाली गर्मी

जिन लोगों को एक आँख में मोतियाबिंद होता है उनकी दूसरी आँख में बाद में मोतियाबिंद विकसित होने की अधिक संभावना होती है। कभी-कभी दोनों आँखों में एक साथ ही मोतियाबिंद विकसित हो सकते हैं। शिशु मोतियाबिंद के साथ पैदा हो सकते हैं (जन्मजात मोतियाबिंद), और बच्चों को भी, आम तौर से चोट या बीमारी के परिणामस्वरूप, मोतियाबिंद विकसित हो सकते हैं।

क्या आप जानते हैं...

  • मोतियाबिंद दुनिया भर में अंधेपन का अग्रणी कारण हैं।

मोतियाबिंद के लक्षण

मोतियाबिंद आम तौर से कई वर्षों में धीरे-धीरे विकसित होते हैं। क्योंकि आँख में प्रवेश करने वाला सारा प्रकाश लेंस के माध्यम से गुजरता है, मोतियाबिंद (लेंस का धुंधलापन) प्रकाश को अवरुद्ध करके छितरा सकता है, जिससे दृष्टि कमजोर हो जाती है। शुरुआती लक्षणों में ये शामिल हो सकते हैं:

  • रोशनी के चारों ओर प्रभामंडल और तारे दिखना (चमक)

  • किसी पन्ने पर छपे हुए अक्षरों के बीच हल्केपन और गहरेपन के बीच अंतर को पहचानने की क्षमता में कमी के कारण पढ़ने में कठिनाई होना

  • अच्छी तरह से देखने के लिए अधिक प्रकाश की जरूरत होना

  • गहरे नीले और काले के बीच भेद करने में समस्या होना

  • धुंधली दृष्टि

  • रंग अधिक पीले और कम चमकीले दिखना

  • कभी-कभार, हल्की सी दोहरी दृष्टि होना (जिसे प्रतिच्छाया या घोस्ट छवियाँ भी कहते हैं)

हालांकि मोतियाबिंद से लगभग कभी भी दर्द नहीं होता है, बहुत दुर्लभ रूप से वे फूल जाते हैं और आँख में दबाव को बढ़ा देते हैं (ग्लूकोमा), जिससे दर्द हो सकता है।

मोतियाबिंद दृष्टि को कैसे प्रभावित करते हैं

बायीं ओर, एस सामान्य लेंस प्रकाश को प्राप्त करके उसे रेटिना पर फोकस कर रहा है। दायीं ओर, एक मोतियाबिंद थोड़े प्रकाश को लेंस तक पहुँचने से रोक रहा है और रेटिना पर फोकस होने वाले प्रकाश को विकृत कर रहा है।

मोतियाबिंद के कारण दृष्टि में कितना परिवर्तन होता है यह आँख में प्रवेश करने वाले प्रकाश की तीव्रता और मोतियाबिंद की स्थिति पर निर्भर करता है।

मोतियाबिंद
विवरण छुपाओ

यह तस्वीर दायीं आँख में एक बड़ा मोतियाबिंद दर्शाती है (स्क्रीन पर बायीं ओर)। अधिक गहरे रंग की परितारिका के पीछे दिखने वाला हल्का नीला अपारदर्शी पिंड मोतियाबिंद है।

वेस्टर्न ऑफ्थैल्मिक हॉस्पिटल/विज्ञान फोटो लाइब्रेरी

लेंस के केंद्र में (अंदर) स्थित मोतियाबिंद (न्यूक्लियर मोतियाबिंद) के साथ, निम्नलिखित लक्षण सबसे आम हैं:

  • दूर की दृष्टि कमजोर होना

  • आरंभ में, करीब की दृष्टि का बेहतर होना क्योंकि मोतियाबिंद अधिक शक्तिशाली लेंस की तरह काम करता है, जिससे प्रकाश फिर से फोकस होता है

जिन लोगों को 40 के दशक के मध्य से पढ़ने के चश्मों की जरूरत पड़ती है, उन्हें लग सकता है कि वे अब फिर से नजदीक की चीजों को चश्मे के बिना देख सकते हैं, जिसे “दूसरी नज़र” कहते हैं। यह प्रभाव अस्थायी होता है और मोतियाबिंद के अधिक अपारदर्शी होने के साथ गायब हो जाता है।

लेंस के पिछवाड़े के करीब स्थित मोतियाबिंद (पोस्टीरियर सबकैप्सुलार मोतियाबिंद) के साथ, निम्नलिखित लक्षण अधिक आम हैं:

  • पुतली के सिकुड़ने पर धुंधला दिखना (विजुअल अक्युइटी में कमी) (जैसे, तेज रोशनी में या पढ़ते समय)

  • कंट्रास्ट की हानि

  • तेज रोशनी या रात के समय गाड़ी चलाते समय कार की हेड लाइटों के चारों ओर प्रभामंडल और तारे (चमक) दिखना

जो लोग प्यूपिल सिकोड़ने वाली दवाइयाँ (जैसे कि ग्लूकोमा की कुछ आँखों के ड्रॉप्स) लेते हैं उनकी नज़र भी ज़्यादा कमजोर हो सकती है।

क्या आप जानते हैं...

  • कभी-कभी लेंस के एक हिस्से में मोतियाबिंद कुछ समय के लिए नजदीक की दृष्टि में सुधार कर सकता है, और व्यक्ति पढ़ने के चश्मों के बिना फिर से पढ़ सकता है।

मोतियाबिंद का निदान

आम तौर पर डॉक्टर ऑफ्थैल्मोस्कोप (एक आवर्धक लेंस वाला हाथ से पकड़ा जाने वाला प्रकाश जो आँख के पिछवाड़े को रोशन कर सकता है) से आँख की जाँच करते समय मोतियाबिंद का पता लगा सकते हैं।

डॉक्टर स्लिट लैंप (एक उपकरण जो आँख की उच्च आवर्धन के अधीन जाँच करने में सक्षम बनाता है) नामक एक उपकरण का उपयोग करके मोतियाबिंद की सटीक स्थिति और प्रकाश को अवरुद्ध करने की सीमा की पहचान कर सकते हैं। स्लिट लैंप लेंस और आँख के अन्य भागों की अधिक विस्तार से जाँच संभव करता है।

मोतियाबिंद का उपचार

  • दृष्टि में सुधार करने के लिए चश्मे और कॉंटैक्ट लेंस

  • मोतियाबिंद को निकालने और आँख के अंदर लेंस लगाने के लिए सर्जरी

जब तक मोतियाबिंद दृष्टि को उल्लेखनीय रूप से कमजोर नहीं करता है, चश्मे और कॉंटैक्ट लेंस व्यक्ति की दृष्टि को सुधार सकते हैं। तेज धूप में धूप के चश्मे पहनने और कंधे की ऊपर से रोशनी प्रदान करने वाले लैंपों के उपयोग से चमक में कमी हो सकती है और देखने में मदद मिल सकती है। दुर्लभ रूप से, यदि मोतियाबिंद छोटा सा है और लेंस के केंद्र में स्थित है तो दृष्टि में मदद के लिए पुतली को लंबे समय तक चौड़ा रखने वाली ड्रॉप्स का उपयोग किया जा सकता है।

सर्जरी

मोतियाबिंद का एकमात्र उपचार सर्जरी है। आँख के लिए ऐसा कोई भी ड्रॉप या दवाई नहीं हैं जिससे मोतियाबिंद ठीक हो सकते हैं। मोतियाबिंद सर्जरी किसी भी उम्र के व्यक्ति में की जा सकती है और हृदय रोगों और मधुमेह जैसे रोगों वाले लोगों में भी आम तौर से सुरक्षित है।

अधिकांश मामलों में, लोगों को सर्जरी केवल तभी करवानी चाहिए जब दृष्टि मोतियाबिंद के कारण इतनी कमजोर हो जाती है कि वे असुरक्षित, असहज, या दैनिक कामकाज करने में असमर्थ महसूस करने लगते हैं। उससे पहले मोतियाबिंद निकलवाने का कोई फायदा नहीं है। बहुत दुर्लभ रूप से, मोतियाबिंद परिवर्तन उत्पन्न करते हैं, जैसे कि आँख में शोथ या आँख में दबाव का बढ़ जाना (ग्लूकोमा), जिनके कारण डॉक्टर मोतियाबिंद को तुरंत निकालने की अनुशंसा कर सकते हैं।

मोतियाबिंद को निकालने की सर्जरी लगभग हमेशा ही आँख की सतह को सुन्न करने के लिए स्थानीय एनेस्थेटिक (इंजेक्शन या आई ड्रॉप्स) का उपयोग करके की जाती है। लोगों को आम तौर से एक शामक दवाई भी दी जाती है। दुर्लभ रूप से, बच्चों या सर्जरी के दौरान स्थिर न रह सकने वाले वयस्कों को सामान्य एनेस्थीसिया की जरूरत होती है।

सर्जरी के दौरान, आम तौर से डॉक्टर आँख में एक चीरा लगाते हैं और मोतियाबिंद को अल्ट्रासाउंड से तोड़ते हैं और लेंस कैप्सूल से टुकड़ों को बाहर निकाल देते हैं (फेकोइमल्सिफिकेशन)। कभी-कभी डॉक्टर मोतियाबिंद सर्जरी के कुछ हिस्सों के दौरान एक लेज़र (जिसे फेम्टोसेकंड लेज़र कहते हैं) का उपयोग करते हैं, जैसे चीरे लगाने के लिए और मोतियाबिंद को नरम करने के लिए ताकि उसे अल्ट्रासाउंड से आसानी से निकाला जा सके। जहां फ़ैकोइमल्सिफ़िकेशन उपलब्ध नहीं है, वहां डॉक्टर, मोतियाबिंद को तोड़ने के लिए, अल्ट्रासाउंड का उपयोग किए बिना, सर्जरी के दौरान लेंस को सीधे निकाल सकते हैं। इस तकनीक को पारंपरिक एक्स्ट्राकैप्सुलार कैटरैक्ट एक्स्ट्रैक्शन कहते हैं।

जब मोतियाबिंद के सारे टुकड़ों को निकाल लिया जाता है, तो सर्जन आम तौर से लेंस कैप्सूल में एक प्लास्टिक या सिलिकोन लेंस (इंट्राऑक्युलर लेंस) लगा देते हैं। हालांकि, इंट्राऑक्युलर लेंस को हमेशा ही सुरक्षित रूप से लगाया नहीं जा सकता है। जब लेंस लगाना संभव नहीं होता है, तो लोगों को मोतियाबिंद निकालने के बाद मोटे चश्मे या कॉंटैक्ट लेंस पहनने पड़ते हैं।

स्वास्थ्य लाभ

सामान्य रूप से प्रक्रिया में लगभग 30 मिनट लगते हैं, और व्यक्ति उसी दिन घर जा सकता है। आम तौर से टांकों की जरूरत नहीं होती है क्योंकि आँख में लगाया गया चीरा छोटा सा होता है और खुद ही बंद हो जाता है।

लोगों को सर्जरी के बाद कुछ दिनों के लिए घर पर अतिरिक्त मदद की पहले से व्यवस्था करनी चाहिए क्योंकि गतिविधि को सीमित किया जा सकता है (जैसे, सामने की ओर झुकना और भारी सामान उठाना मना हो सकता है)। सर्जरी के बाद कुछ समय तक दृष्टि में, धुंधला देखने और तेज रोशनी में असहज महसूस होने जैसे परिवर्तन हो सकते हैं।

सर्जरी के बाद कुछ हफ़्तों तक, सूजन को कम करने, संक्रमण को रोकने और शीघ्र स्वस्थ होने के लिए स्टेरॉइड आई ड्रॉप, बिना स्टेरॉइड वाली सूजनरोधी दवाओं (NSAID), और एंटीबायोटिक आई ड्रॉप का उपयोग किया जाता है। कभी-कभी सर्जरी के अंत में एंटीबायोटिक्स, स्टेरॉइड और/या NSAID को आँख में इंजेक्ट किया जाता है, जिससे सर्जरी के बाद आई ड्रॉप की आवश्यकता कम हो जाती है। लोगों को जख्म के सूखने तक, आम तौर से कुछ सप्ताहों के लिए, आँख को चोट से बचाने के लिए चश्मे या सोते समय लगाने के लिए एक प्लास्टिक शील्ड दी जाती है। मोतियाबिंद की सर्जरी के बाद आँख को मसलने, भारी सामान उठाने और आगे की तरफ बहुत ज़्यादा झुकने से बचना चाहिए। लोग सर्जरी के एक या दो दिन बाद, और उसके बाद आमतौर पर लगभग 1 हफ़्ते और 1 महीने बाद डॉक्टर को दिखाने जाते हैं। यदि व्यक्ति को दोनों आँखों में मोतियाबिंद है, तो कई डॉक्टर पहली आँख के ठीक होने के बाद दूसरी आँख से मोतियाबिंद निकालने के लिए कई महीनों तक रुकते हैं।

कई लोगों को मोतियाबिंद की सर्जरी के बाद कुछ ही हफ्तों के भीतर दूर की नज़र में सुधार आता है। लगभग हर व्यक्ति को पढ़ने के लिए चश्मों की जरूरत पड़ती है, और कुछ लोगों को सबसे बढ़िया दूर की नज़र पाने के लिए भी चश्मों की जरूरत हो सकती है।

एकाधिक फोकस पॉवर वाले नए इंट्राऑक्युलर लेंस (मल्टीफोकल लेंस) व्यक्ति को चश्मे की जरूरत के बिना अच्छी नजदीक और दूर की नजर प्रदान कर सकते हैं, हालांकि कुछ लोगों को इन लेंसों से विषमता में भेद करने में कठिनाई और रात के समय तारों और प्रभामंडलों का अनुभव हो सकता है। डॉक्टर यह तय करने के लिए सर्जरी से पहले गणनाएं करते हैं कि कृत्रिम लेंस को कितना शक्तिशाली होना चाहिए। इस तरह से, सर्जरी से पहले बहुत मोटे चश्मे पहनने वाले लोग सर्जरी के बाद बहुत पतले चश्मे पहन सकते हैं। नए मल्टीफोकल लेंसों वाले कुछ लोगों को फिर चश्मों की जरूरत नहीं होती है या केवल कुछ चीजों के लिए, जैसे कि रात में गाड़ी चलाना, धीमी रोशनी में पढ़ना, या मिड-रेंज दृष्टि के लिए उनकी जरूरत होती है, जैसे कि कंप्यूटर मॉनीटर को देखना। कुछ अन्य लेंस आँख में दृष्टिवैषम्य यानी एस्टिग्मेटिज्म को सही कर सकते हैं और सर्जरी के बाद चश्मों की जरूरत को भी कम कर सकते हैं।

जटिलताएँ

मोतियाबिंद की सर्जरी के बाद बड़ी जटिलताएं दुर्लभ हैं। डॉक्टर के साथ सही अनुवर्तन से जटिलताओं को जल्दी पहचाना और उनका उपचार किया जा सकता है। जटिलताओं में शामिल हैं:

  • व्यक्ति को आँख में संक्रमण (एंडॉफ्थैल्माइटिस) या गंभीर रक्तस्राव हो सकता है, जिससे नज़र जा सकती है।

  • आँख का दबाव बहुत बढ़ सकता है, जिसका उपचार न करने पर, ग्लूकोमा हो सकता है, या इम्प्लांट अपनी जगह से हट सकता है।

  • आँख का पिछला भाग (रेटिना) सूज सकता है या अलग यानी डिटैच हो सकता है।

  • दुर्लभ रूप से, रेटिना के विकारों, जैसे कि डायबिटिक रेटिनोपैथी वाले लोगों में, ऑपरेशन के बाद दृष्टि और भी कम हो सकती है।

कुछ लोगों में, मूल लेंस को निकालने के बाद आँख में जानबूझकर छोड़ी गई पतली, पारदर्शी पिछली पर्त (कैप्सूल) धुंधली हो जाती है, जिससे नज़र कमजोर हो जाती है। यह समस्या, जिसे सेकंडरी मोतियाबिंद (या पोस्टीरियर कैप्सूल ओपेसिफ़िकेशन) कहा जाता है, मोतियाबिंद की सर्जरी करवाने वाले हर 4 में से 1 व्यक्ति को कृत्रिम लेंस लगाने के कई महीनों या वर्षों बाद होता है। आम तौर से, इसका उपचार एक लेज़र का उपयोग करके धुंधले कैप्सूल में एक छोटा सा छेद बनाकर किया जाता है, ताकि रोशनी भीतर प्रविष्ट हो सके।

मोतियाबिंद की रोकथाम

मोतियाबिंद की रोकथाम करने के लिए लोग कई चीजें कर सकते हैं, जिनमें निम्नलिखित शामिल हैं:

  • अल्ट्रावॉयलेट (UV) प्रकाश को फिल्टर करने वाली कोटिंग वाले चश्मे या धूप के चश्मे को सुसंगत रूप से पहनना

  • धूम्रपान न करना

  • अल्कोहल के उपभोग को कम करना

  • डायबिटीज वाले व्यक्ति में, ब्लड शुगर लेवल को अच्छी तरह नियंत्रित रखना

  • ऐसा भोजन करना जिसमें ज़्यादा मात्रा में विटामिन C, विटामिन A और कैरोटेनॉइड नामक पदार्थ हो (जो पालक और गोभी जैसी गहरी हरी पत्तेदार सब्जियों में मिलता है); हालांकि, इन विटामिन के सप्लीमेंट लेने से मोतियाबिंद की रोकथाम होती है या नहीं यह बहुत स्पष्ट नहीं है।

रजोनिवृत्ति के बाद महिलाओं द्वारा एस्ट्रोजन का उपयोग भी रक्षा कर सकता है, लेकिन मात्र इसी उद्देश्य के लिए एस्ट्रोजन का उपयोग नहीं करना चाहिए। अंत में, जो लोग लंबे समय से स्टेरॉइड ले रहे हैं, वे अपने डॉक्टर से किसी वैकल्पिक दवाई के उपयोग की संभावना पर चर्चा कर सकते हैं।

quizzes_lightbulb_red
अपना ज्ञान परखेंएक क्वज़ि लें!
iOS ANDROID
iOS ANDROID
iOS ANDROID