पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) क्या होता है?
पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) मसूड़ों की एक गंभीर बीमारी है जिससे आपके दांत ढीले हो सकते हैं या गिर सकते हैं।
संक्रमण होने पर, आपके दांतों को उनकी जगह पर बनाए रखने वाले ऊतक कमज़ोर हो जाते हैं
इसके लक्षणों में गले में खराश, मसूड़ों की सूजन या उनमें से खून आना, सांसों में बदबू, और दांत ढीले होना शामिल हैं
दांतों के डॉक्टर बार-बार सफाई, दांतों की सर्जरी करके और/या एंटीबायोटिक दवाओं के साथ पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) का इलाज करते हैं
पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) वयस्कों में दांतों के झड़ने का एक मुख्य कारण है
पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) क्यों होता है?
पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) जिंजिवाइटिसका एक गंभीर रूप है। जिंजिवाइटिस प्लाक के कारण होता है। प्लाक कीटाणुओं से भरी एक चिपचिपी परत है जो आपके दांतों पर बनती है। ज़्यादा दिनों तक दांतों पर बना रहने वाला प्लाक सख्त हो जाता है और उसे टार्टर कहा जाता है।
मसूड़ों के नीचे आपके दांतों पर टार्टर बनने से पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) होता है। टार्टर से आपके मसूड़ों में समस्या हो सकती है और यह कीटाणुओं को बढ़ने देता है। सबसे पहले, इससे जिंजिवाइटिस होता है। इलाज न कराने पर, कीटाणु आपके दांतों को बनाए रखने वाले ऊतक और हड्डी को कमज़ोर कर देते हैं। बाद में आपके दांत ढीले हो जाते हैं और गिर जाते हैं।
पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) होने के आम कारण हैं:
सही तरीके से ब्रश और फ्लॉसिंग न करना
दांतों के डॉक्टर से नियमित सफाई न करवाना
कुछ लोगों में पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) दूसरों की तुलना में तेज़ी से होता है, भले ही उनमें टार्टर बराबर मात्रा में हो। पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) होने की अधिक संभावना हो सकती है अगर इनमें से कोई समस्या है:
मधुमेह (विशेष रूप से टाइप 1)
ल्यूकोपेनिया (श्वेत रक्त कोशिकाओं की संख्या कम होना जिससे आपके बीमार होने की संभावना बढ़ जाती है)
पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) के लक्षण क्या हैं?
पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) के शुरुआती लक्षणों में शामिल हैं:
मसूड़ों का दर्द
मसूड़ों की सूजन
मसूड़ों से खून बहना और मसूड़े लाल होना
बाद के लक्षणों में शामिल हैं:
दांत ढीले होना
चबाने में दर्द होना
सामने के दांत बाहर की ओर झुकना
अगर आप इलाज नहीं कराते हैं, तो पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) से दांत खराब हो सकते हैं।
इस तस्वीर में एक ऐसे व्यक्ति के मसूड़ों का ढीलापन और पेरियोडॉन्टल ऐब्सेस (तीर) को दिखाया गया है जिसे पेरियोडोंटाइटिस है।
CNRI/SCIENCE फोटो लाइब्रेरी
दांतों के डॉक्टर से मिलने पर क्या होगा?
दांतों के डॉक्टर आपके दांतों की जांच करेंगे, बाद में वे:
एक्स-रे लेंगे
मापेंगे कि आपके मसूड़ों से आपके दांत कितना दूर हुए हैं
दांतों के डॉक्टर पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) का इलाज कैसे करते हैं?
दांतों के डॉक्टर पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) का इलाज करते हैं:
दांतों की बार-बार सफाई करके
दांतों के डॉक्टर आपके दांतों की जड़ों के आसपास गहराई से सफाई करते हैं। आपको घर पर भी अपने दांतों को अच्छी तरह से साफ करना होगा और खास माउथवॉश का उपयोग करना होगा। अगर इससे भी आपके पेरियोडोंटाइटिस (पायरिया) का इलाज नहीं होता है, तो दांतों के डॉक्टर:
आपके मसूड़ों की सर्जरी कर सकते हैं
आपको एंटीबायोटिक गोलियां दे सकते हैं या संक्रमित मसूड़ों के नीचे एंटीबायोटिक्स रख सकते हैं
बहुत कम मामलों में ही, वे प्रभावित दांतों को खींचकर निकालते हैं
फॉलो-अप मुलाकातों के लिए आपको अपने दांतों के डॉक्टर के पास वापस जाना होगा।



