पित्त नलियों तथा पित्ताशय के ट्यूमर

इनके द्वाराYedidya Saiman, MD, PhD, Lewis Katz School of Medicine, Temple University
द्वारा समीक्षा की गईMinhhuyen Nguyen, MD, Fox Chase Cancer Center, Temple University
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया संशोधित अक्टू॰ २०२५
v760648_hi

पित्त नलियों या पित्ताशय में कैंसर-रहित या कैंसरयुक्त बहुत ही कम होते हैं।

  • अल्ट्रासाउंड, मैग्नेटिक रीसोनेंस इमेजिंग (MRI), या मैग्नेटिक रीसोनेंस कोलेंजियोपैनक्रिएटोग्राफ़ी (MRCP) आमतौर पर बाइल डक्ट या पित्ताशय में ट्यूमर का पता लगा सकती है।

  • आमतौर पर ये कैंसर प्राणघातक होते हैं, लेकिन लक्षणों का उपचार किया जा सकता है।

पित्त वह तरल है जिसे लिवर द्वारा तैयार किया जाता है और यह पाचन में सहायक होता है। पित्त का परिवहन छोटी नलियों (बाइल डक्ट्स) द्वारा किया जाता है, जो पित्त को लिवर से लेकर और फिर लिवर से पित्ताशय और छोटी आंत तक ले जाती हैं। पित्ताशय एक छोटी, नाशपाती के आकार की थैली होती है जो लिवर के नीचे स्थित होती है, और पित्त को संग्रहित करती है और आवश्यकता पड़ने पर, जैसे कि लोगों के भोजन करते समय, इसे छोड़ती है। (पित्ताशय और पित्त की नली के विकार का विवरण और चित्र भी देखें।)

बाइल डक्ट का कैंसर (कोलेंजियोकार्सिनोमा) बहुत कम होता है। यह बाइल डक्ट में कहीं भी, खासतौर पर लिवर के बाहर स्थित बाइल डक्ट में पैदा हो सकता है। प्राइमरी स्क्लेरोसिंग कोलेंजाइटिस, लिवर फ्लूक्स, वायरल हैपेटाइटिस, सिरोसिस, अल्कोहल का सेवन, या बाइल डक्ट (कोलेडोकल सिस्ट) में सिस्ट होने से ये सभी इस कैंसर के विकास के जोखिम को बढ़ाते हैं।

पित्ताशय का कैंसर भी बहुत कम होता है। लगभग हर ऐसा व्यक्ति जिसे पित्ताशय का कैंसर है, उसे पित्ताशय की पथरी भी होती है। इस कैंसर के होने के बाद अनेक लोग केवल कुछ महीने ही जीवित रहते हैं। यह कैंसर वयोवृद्ध वयस्कों, महिलाओं, पित्ताशय की पथरी वाले लोगों, अमेरिकी भारतीयों और संभवतः पित्ताशय में बड़े पैमाने पर घाव वाले लोगों में अधिक आम है, जो गंभीर क्रोनिक कोलेसिस्टाइटिस में हो सकता है।

पित्ताशय पोलिप्स, जो कि ऊतकों का कैंसर-रहित (मामूली) विकास होता है, जो पित्ताशय में विकसित हो सकता है। इनकी वजह से बहुत ही कम लक्षण होते हैं या उपचार की आवश्यकता पड़ती है। अल्ट्रासाउंड के दौरान इनको 5% लोगों में पाया जाता है। बड़े पोलिप्स को हटाने के लिए सर्जरी की आवश्यकता हो सकती है।

पित्त की नलियों और पित्ताशय के ट्यूमर्स के लक्षण

प्रारम्भिक लक्षणों में निम्न शामिल हैं:

  • बदतर होने वाला पीलिया (त्वचा का पीला पड़ना और आंखों का सफेद होना)

  • पेट में असुविधा

  • भूख नहीं लगना

  • वज़न का घटना

  • खुजली

कभी-कभी कैंसर और कैंसर-रहित ट्यूमर पित्त के प्रवाह को ब्लॉक कर सकते हैं (हालांकि अधिकांश ब्लॉकेज पित्ताशय की पथरी के कारण होती हैं)। हालांकि ऐसा कम होता है, लेकिन कैंसर शरीर में किसी अन्य जगह से आसपास की अवसंरचनाओं या समीपवर्ती लसीका ग्रंथियों में फैल सकता है (मेटास्टेसाइज़), जिसके कारण अवरोध हो सकता है।

बाइल डक्ट कैंसर के लक्षण धीरे-धीरे बदतर होते जाते हैं। पेट में दर्द उत्तरोत्तर गंभीर तथा निरन्तर हो सकता है। आमतौर पर दर्द पित्त नलियों के अवरोध के कारण होता है। मल पीला हो सकता है। लोग थकान और असुविधा महसूस करते हैं। उनको अपने पेट में एक मॉस (पिंड) महसूस हो सकता है।

पित्ताशय के कैंसर के लक्षण, यदि मौजूद हैं, तो इसमें दर्द, वज़न घटने, पेट में एक द्रव्यमान या पीलिया शामिल हो सकता है।

पित्ताशय की अधिकांश पोलिप्स के कारण कोई लक्षण नहीं होते हैं।

पित्त नली तथा पित्ताशय ट्यूमर का निदान

  • कभी-कभी रक्त परीक्षण

  • अल्ट्रासाउंड, इसके बाद मैग्नेटिक रीसोनेंस कोलेंजियोपैनक्रिएटोग्राफ़ी (MRCP) या CT कोलांजियोग्राफ़ी होती है

  • कभी-कभी एंडोस्कोपिक रेट्रोग्रेड कोलेंजियोपैनक्रिएटोग्राफ़ी (ERCP) या ऊतक का नमूना लेना (बायोप्सी)

डॉक्टर उस समय पित नली या पित्ताशय के कैंसर का संदेह करते हैं जब पित्त की नली अवरूद्ध होती है तथा किसी अन्य कारण की पहचान नहीं की गई है। पित्त नली कैंसर का संदेह खासतौर पर उन लोगों में होता है जो प्राथमिक स्क्लेरोसिंग कोलेंजाइटिस (PSC) से पीड़ित हैं। यदि लोगों को PSC है, तो इस कैंसर की जांच करने के लिए समय-समय पर ट्यूमर द्वारा स्रावित तत्वों (ट्यूमर मार्कर) की माप करने के लिए रक्त परीक्षण किए जाते हैं।

निदान की पुष्टि इमेजिंग परीक्षणों से की जाती है। आमतौर पर, पहले अल्ट्रासाउंड किया जाता है। खास तौर से अगर पित्ताशय के कैंसर का संदेह हो, तो अतिरिक्त जानकारी देने के लिए कभी-कभी कंप्यूटेड टोमोग्राफ़ी (CT) या मैग्नेटिक रीसोनेंस इमेजिंग (MRI) की जाती है। मैग्नेटिक रीसोनेंस कोलेंजियोपैनक्रिएटोग्राफ़ी (MRCP) या CT कोलेंजियोग्राफी (शिरा में रेडियोपैक कंट्रास्ट एजेंट को लगाने के बाद बाइल डक्ट की CT) आमतौर पर अगला चरण होता है।

यदि शुरुआती इमेजिंग परीक्षणों के परिणाम अस्पष्ट हों, या बाइल डक्ट के कैंसर का संदेह हो तो एंडोस्कोपिक रेट्रोग्रेड कोलेंजियोपैनक्रिएटोग्राफ़ी (ERCP) की जाती है। इस प्रक्रिया में, एक देखने वाली ट्यूब (एंडोस्कोप) को मुंह के ज़रिए छोटी आंत में अंदर डाला जाता है। एंडोस्कोप के ज़रिए एक पतली ट्यूब (कैथेटर) को अंदर डाला जाता है, और रेडियोपैक कंट्रास्ट एजेन्ट, जिसे एक्स-रे में देखा जा सकता है, को कैथेटर के ज़रिए पित्त की नलियों में इंजेक्ट किया जाता है। फिर किसी असामान्यताओं का पता लगाने के लिए एक्स-रे किये जाते हैं। इस प्रोसीजर से डॉक्टर इमेज और माइक्रोस्कोप के ज़रिए जांच करने के लिए ऊतक के नमूने प्राप्त कर पाते हैं (चित्र देखें)।

यदि इन परीक्षणों से किसी ट्यूमर का पता लगता है, लेकिन ये निर्णायक नहीं हैं, तो डॉक्टर असामान्य माने जाने वाले हिस्से में त्वचा के ज़रिए एक पतली सुई अंदर डालते हैं, ताकि ऊतक का नमूना प्राप्त किया जा सके। सुई को निर्देशित करने के लिए अल्ट्रासाउंड या कंप्यूटेड टोमोग्राफ़ी (CT) का उपयोग किया जाता है।

कैंसर की व्यापकता का पता लगाने के लिए, डॉक्टर CT स्कैन का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन अक्सर उस जगह की सीधे जांच करने के लिए सर्जरी करनी पड़ती है (इस प्रक्रिया को डायग्नोस्टिक लेप्रोस्कोपी या ओपन लैपरोटॉमी कहा जाता है)।

पित्त नली तथा पित्ताशय ट्यूमर का उपचार

  • कभी-कभी ट्यूमर हटाने की सर्जरी

  • अवरूद्ध पित्त नलियों में स्टेंट डालना

अधिकांश पित्त नली और पित्ताशय के कैंसर प्राणघातक होते हैं, लेकिन उपचार से लक्षणों को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

बाइल डक्ट के कैंसर को हटाने के लिए सर्जरी की जा सकती है, लेकिन आमतौर पर ट्यूमर को पूरी तरह से हटाया नहीं जा सकता। कीमोथेरेपी, सर्जरी से पहले या बाद में, कैंसर की उन जगहों के इलाज या संकुचित करने के लिए इस्तेमाल की जा सकती है जिन्हें हटाया नहीं गया था। यदि ट्यूमर शरीर के अन्य हिस्से से फैला है (मेटास्टेसाइज़), तो कीमोथेरेपी लक्षणों में कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन उत्तरजीविता में कोई बहुत बड़ा सुधार नहीं होता है।

यदि बाइल डक्ट के कैंसर को हटाने के लिए सर्जरी संभव नहीं है, तो स्टेंट को एंडोस्कोप (एक देखने वाली ट्यूब) के ज़रिए पास किया जा सकता है और कैंसर द्वारा ब्लॉक की गईं बाइल डक्ट में रखा जा सकता है। ये स्टेंट पित्त को ब्लॉकेज से पहले बहने की सुविधा देते हैं और पीलिया में सुधार कर सकते हैं, तथा बार-बार होने वाले संक्रमणों को रोक सकते हैं। यदि पित्त नली का कैंसर लिवर के निचले हिस्से तक सीमित है (जहां पर लिवर के बार के पित्त की नलियां, लिवर के अंदर की पित्त की नलियों से जुड़ती हैं), तो लिवर ट्रांसप्लांट एक उपचारात्मक विकल्प हो सकता है।

बहुत ही प्रारम्भिक अवस्था में पित्ताशय कैंसर की जानकारी पित्ताशय पथरी की सर्जरी के दौरान लगती है, और पित्ताशय को हटा कर अक्सर इसका उपचार किया जा सकता है। अन्य पित्ताशय के कैंसर के उपचार में पित्ताशय, लिवर और आसपास की लसीका ग्रंथियों, साथ ही कीमोथेरेपी पर सर्जरी शामिल हो सकती है।

पित्ताशय को हटाकर बड़े पित्ताशय के पोलिप्स का उपचार किया जाता है।

अधिक जानकारी

निम्नलिखित अंग्रेजी भाषा के संसाधन उपयोगी हो सकते हैं। कृपया ध्यान दें कि इन संसाधनों की सामग्री के लिए मैन्युअल उत्तरदायी नहीं है।

  1. इंटरनेशनल फाउंडेशन फ़ॉर गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल डिसऑर्डर्स (IFFGD): एक ऐसा स्रोत, जो गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल विकार से ग्रसित लोगों की अपने स्वास्थ्य के प्रबंधन में मदद करता है।

  2. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ डायबिटीज एण्ड डाइजेस्टिव एण्ड किडनी डिजीज़ (NIDDK): पाचन प्रणाली किस तरह से काम करती है, से संबंधित व्यापक जानकारी तथा संबंधित विषयों जैसे शोध और उपचार विकल्पों के लिंक।

quizzes_lightbulb_red
अपना ज्ञान परखेंएक क्वज़ि लें!
iOS ANDROID
iOS ANDROID
iOS ANDROID