सॉ पाल्मेटो एक प्रकार का ताड़ का पेड़ है, जो दक्षिण-पूर्वी अमेरिका में उगता है। इसके फलों में पौधे के सक्रिय संघटक होते हैं, जो फैटी एसिड (वसा) होते हैं। इसके पौधे के फलों से चाय बनाई जा सकती है। सॉ पाल्मेटो टैबलेट, कैप्सूल, और तरल अर्क के रूप में भी उपलब्ध है।
सॉ पाल्मेटो के लिए दावे
सॉ पाल्मेटोटेस्टोस्टेरॉन के प्रभावों को बेअसर कर सकता है। बहुत से पुरुष, मामूली तौर पर प्रोस्टेट ग्रंथि के बढ़ने (मामूली प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया) का इलाज करने के लिए सॉ पाल्मेटो लेते हैं। कुछ और दावे भी किए गए हैं, कि सॉ पाल्मेटो लेने से ज़्यादा शुक्राणु बनने, स्तन का आकार बढ़ने और यौन शक्ति बढ़ने जैसे लाभ मिलते हैं और इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी तथा कैंसर-रोधी प्रभाव हैं। यह बालों की समग्र गुणवत्ता, कुल बालों की संख्या और उनकी मोटाई में सुधार से भी जुड़ा हुआ है।
सॉ पाल्मेटो के लिए प्रमाण
हालाँकि, अच्छी तरह से तैयार किए गए अध्ययनों में दिखाया गया कि बढ़ी हुई प्रोस्टेट ग्रंथि के लक्षणों, जैसे कि बार-बार पेशाब आने की समस्या के लिए सॉ पाल्मेटो से कोई लाभ नहीं मिला, कुछ उपलब्ध प्रमाण बताते हैं कि सॉ पाल्मेटो से निकाले गए एक खास केमिकल को लेने से रात के समय पेशाब कम आता है और यह ब्लैडर से पेशाब के बाहर आने की गति को बढ़ा देता है। बाद के अध्ययनों से पता चला है कि सॉ पामेटो यूरोलॉजिक संबंधी लक्षणों पर ज़्यादातर प्रभावी नहीं है।
कुछ अध्ययनों से पता चला है कि सॉ पाल्मेटोएलोपेसिया से ग्रसित लोगों में बालों की वृद्धि बढ़ा सकता है।
इन दावों के कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं कि यह शुक्राणुओं की संख्या, स्तन का आकार, या यौन शक्ति को बढ़ाता है, या फिर इसमें सूजन कम करने वाले और कैंसर से लड़ने वाले गुण मौजूद हैं।
सॉ पाल्मेटो सप्लीमेंट में सामग्री और सांद्रता में होने वाले परिवर्तन से सुरक्षा और प्रभावशीलता कम हो सकती है।
सॉ पाल्मेटो के दुष्प्रभाव
कभी-कभी सिरदर्द, दस्त और गर्म तमतमाहट जैसी स्थिति होती है, लेकिन कुछ गंभीर दुष्प्रभावों के होने की जानकारी भी मिली है। लिवर को नुकसान और पैंक्रियाटाइटिस हुआ है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि ऐसा सॉ पाल्मेटो लेने से हुआ था या नहीं।
जो महिलाएँ गर्भवती हैं या जो गर्भवती हो सकती हैं, उन्हें संभावित हार्मोनल प्रभावों के कारण सॉ पाल्मेटो नहीं लेना चाहिए।
सॉ पाल्मेटो के साथ दवा का इंटरैक्शन
हार्मोन थेरेपी लेने वाली महिलाओं को सॉ पाल्मेटो लेने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। सॉ पाल्मेटोएस्ट्रोजन थेरेपी और मुँह से लिए जाने वाले गर्भ निरोधकों के संपर्क में आने पर इंटरैक्ट कर सकता है और उनकी प्रभावशीलता घटा सकता है। सॉ पाल्मेटो वारफ़ेरिन, एंटीकोग्युलेन्ट और एंटीप्लेटलेट दवाओं के साथ भी इंटरैक्ट कर सकता है और इसकी वजह से रक्तस्राव हो सकता है।
सॉ पाल्मेटो के लिए सुझाव
सॉ पाल्मेटो को आम तौर पर सुरक्षित माना जाता है और यह रात के समय पेशाब को कम कर सकता है और पुरुषों में पेशाब खुलकर आने में मदद कर सकता है।
चूँकि सॉ पाल्मेटो के हार्मोनल प्रभाव हो सकते हैं, इसलिए बच्चों, गर्भवती महिलाओं या जो गर्भवती हो सकती हैं, उन महिलाओं और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को इसे नहीं लेना चाहिए।
वारफ़ेरिन, अन्य एंटीकोग्युलेन्ट या एंटीप्लेटलेट दवाएँ लेने वाले लोग और मुँह से गर्भ निरोधक गोलियाँ लेने वाली महिलाओं को सॉ पाल्मेटो लेने से परहेज़ करना चाहिए या इसे लेने से पहले अपने डॉक्टर से बात करनी चाहिए।
अधिक जानकारी
निम्नलिखित अंग्रेजी-भाषा संसाधन उपयोगी हो सकते हैं। कृपया ध्यान दें कि इस संसाधन की सामग्री के लिए मैन्युअल उत्तरदायी नहीं है।
नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ हेल्थ नेशनल सेंटर फ़ॉर कॉम्प्लीमेंटरी एंड इंटीग्रेटिव हेल्थ: सॉ पाल्मेटो



