आयरन डेफ़िशिएंसी एनीमिया के आम कारण—और इसका उपचार कैसे करें
करीब एक-तिहाई अमेरिकी वयस्कों में आयरन डेफ़िशिएंसी हो सकती है। हमें आयरन की ज़रूरत हीमोग्लोबिन बनाने के लिए होती है, जो लाल रक्त कोशिकाओं का ऐसा पदार्थ है जो आपके पूरे शरीर में ऑक्सीजन ले जाता है। आयरन डेफ़िशिएंसी के आम लक्षणों में ध्यान केंद्रित करने में परेशानी और थकान शामिल है। लेकिन इन लक्षणों का अनुभव करने वाले लोग यह मान सकते हैं कि वे किसी और कारण से हैं और वे आयरन डेफ़िशिएंसी को पूरा करने के लिए कदम नहीं उठाते हैं। यदि जांच किए बिना छोड़ दिया जाए, तो आयरन डेफ़िशिएंसी की वजह से आयरन डेफ़िशिएंसी एनीमिया हो सकता है। आयरन डेफ़िशिएंसी से होने वाले एनीमिया के लक्षण धीरे-धीरे विकसित होते हैं और अन्य प्रकार के एनीमिया के लक्षणों के समान होते हैं। ऐसे लक्षणों में थकान, कमज़ोरी, सांस लेने में तकलीफ़ और पीलापन शामिल हैं। बहुत कम आयरन होने पर, कुछ लोगों को पिका के लक्षण (ऐसे पदार्थ को खाने की इच्छा होना जो भोजन नहीं है, जैसे कि बर्फ़, धूल, पेंट या चॉक) अनुभव होते हैं।
आयरन डेफ़िशिएंसी एनीमिया को ठीक करने की शुरुआत, आयरन डेफ़िशिएंसी होने के कारण की पहचान करने और उसे ठीक करने, फिर आमतौर पर शरीर के आयरन के भंडार को फिर से भरने से होती है। यहां आयरन डेफ़िशिएंसी एनीमिया के कुछ सबसे आम कारणों पर करीब से नज़र डाली गई है और यह कि जब इस स्थिति का उपचार किया जाता है तो लोग क्या उम्मीद कर सकते हैं।
कारण #1 – रक्त की सामान्य हानि
वयस्कों में, आयरन डेफ़िशिएंसी ज़्यादातर रक्त की हानि के कारण होती है। रक्त की यह हानि कई स्रोतों से आ सकती है। कोई घाव या आघात थोड़े समय में काफ़ी मात्रा में रक्त की हानि का कारण बन सकता है। मासिक धर्म वाली महिलाओं में, मासिक धर्म के दौरान रक्तस्राव आयरन डेफ़िशिएंसी का सबसे आम कारण है। युवा लोगों में मासिक धर्म के दौरान रक्तस्राव को कभी-कभी इसका कारण नहीं माना जा सकता है। पुरुषों और मीनोपॉज़ के बाद महिलाओं में, आयरन डेफ़िशिएंसी आमतौर पर रक्तस्राव होने का इशारा करती है, ज़्यादातर पाचन तंत्र में—उदाहरण के लिए, रक्त स्त्रावित कर रहे किसी अल्सर से या कोलोन में पोलिप से। कोलोन कैंसर के कारण बरसों तक बनी रहने वाली रक्तस्राव की समस्या मध्यम आयु वर्ग के लोगों और वयोवृद्ध वयस्कों में गंभीर कारण बनती है।
कारण #2 – अवशोषण में कमी
विभिन्न प्रकार के विकारों के कारण पाचन तंत्र में आयरन के अवशोषण में कमी हो सकती है, जिसे अपावशोषण कहा जाता है। सीलिएक रोग अपावशोषण का एक आम विकार है। अन्य संभावित कारणों में बेरिएट्रिक सर्जरी और आंत्र हटाने के साथ ही दुर्लभ आनुवंशिक विकार शामिल हैं।
कारण #3 – अपर्याप्त आहार / बढ़ी हुई आवश्यकताएं
संयुक्त राज्य अमेरिका में, आयरन का सेवन कम करने की वजह से एनीमिया होने के मामले बहुत कम पाए जाते हैं क्योंकि वहाँ खाने की ज़्यादातर चीज़ों में सप्लीमेंटल आयरन डाला जाता है। लेकिन आयरन की बढ़ी हुई आवश्यकताओं वाले कुछ लोगों के लिए, सीमित आयरन वाला आहार लेने से आयरन डेफ़िशिएंसी और यहां तक कि आयरन डेफ़िशिएंसी एनीमिया का कारण बन सकता है। ऐसी गर्भवती महिलाओं में, जिनकी गर्भावस्था की शुरुआत अक्सर आयरन के कम भंडार के साथ होती है, आयरन की आवश्यकता बढ़ जाती है। जैसे-जैसे गर्भावस्था आगे बढ़ती है, रक्त की मात्रा में वृद्धि और भ्रूण की आवश्यकताओं के कारण आयरन डेफ़िशिएंसी हो सकती है--कभी एनीमिया के साथ, तो कभी एनीमिया के बिना। शिशुओं और छोटे बच्चों को भी उनके आहार के कारण आयरन डेफ़िशिएंसी का खतरा हो सकता है, खासकर यदि वे खाने में बहुत नखरे करते हैं या अधिक मात्रा में डेयरी उत्पाद खाते हैं।
कारण #4 – डायलिसिस
किडनी के नाकाम होने के कारण डायलिसिस पर रहने वाले लोगों, विशेष रूप से वे लोग जो शरीर को लाल रक्त कोशिकाओं (एरिथ्रोपोएसिस-स्टिमुलेटिंग एजेंट) बनाने के लिए स्टिमुलेट करने वाली दवाएं ले रहे हैं, उनमें आयरन डेफ़िशिएंसी का खतरा हो सकता है। आमतौर पर, इन लोगों में आयरन डेफ़िशिएंसी के लिए नियमित रूप से निगरानी की जाती है।
आयरन डेफ़िशिएंसी एनीमिया का निदान और उपचार कैसे किया जाता है
आयरन डेफ़िशिएंसी को एक स्पेक्ट्रम पर सोचना सबसे अच्छा है। एनीमिया का ज़्यादा गंभीर परिणाम हो सकता है, लेकिन आयरन डेफ़िशिएंसी को ठीक किया जाना चाहिए, भले ही कोई व्यक्ति अभी तक एनीमिक न हो। एनीमिया का निदान नियमित रक्त परीक्षण के साथ किया जाता है जिसे ब्लड काउंट के रूप में जाना जाता है। आयरन डेफ़िशिएंसी का निदान करना थोड़ा ज़्यादा चुनौतीपूर्ण होता है। फेरिटिन (एक प्रोटीन जो आयरन को संग्रहीत करता है) के ब्लड लेवल को मापना, आयरन की कमी का पता लगाने की सबसे सटीक जांच है। रक्त में फ़ेरीटिन का लेवल कम होना यह बताता है कि रक्त में आयरन की कमी है। हालांकि, कभी-कभी फ़ेरीटिन का स्तर भ्रामक होता है क्योंकि लिवर खराब होने, सूजन, संक्रमण या कैंसर के कारण जांच में इनका स्तर गलत तरीके से बढ़ा हुआ आ सकता है (और इसलिए ये सामान्य दिखाई देता है)। लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि डॉक्टरों को उनकी दूसरी चिकित्सा स्थितियों के बारे में पता हो, क्योंकि कुछ स्थितियां परीक्षण के परिणामों को प्रभावित कर सकती हैं।
आयरन डेफ़िशिएंसी की पहचान हो जाने पर, उपचार में डेफ़िशिएंसी के मूल कारण को ठीक करना शामिल है, जिसमें रक्त की हानि को रोकना और शरीर में खोए हुए आयरन की पूर्ति करना शामिल है। ज़्यादातर लोगों के लिए, आयरन से भरपूर आहार (जिसमें मांस, शैल फिश, सूखे फल, अनाज, पत्तेदार सब्ज़ियों और फलियों जैसे खाद्य पदार्थ शामिल हैं) आयरन भंडार की पूर्ति के लिए पर्याप्त नहीं है और ओरल या इंट्रावीनस सप्लीमेंट देने की आवश्यकता होती है।
ओरल आयरन सप्लीमेंट लेने के बारे में क्या पता होना चाहिए
मुंह से लिए जाने वाले आयरन सप्लीमेंट्स के साथ आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया को ठीक करने में आमतौर पर लगभग 6 सप्ताह लगते हैं, लेकिन रक्तस्राव बंद होने के बाद भी आयरन भंडार को पूरी तरह से भरने में अधिक समय लग सकता है। ज़्यादातर आयरन सप्लीमेंट खाने के लिए दिए जाते हैं। आयरन सप्लीमेंट खाने पर मल गहरे रंग का या काला हो जाता है और अक्सर कब्ज़ भी हो जाती है।
आयरन सप्लीमेंट से पेट फूलने, ऐंठन और कब्ज़ जैसी पाचन संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की संभावना रहती है। अच्छी खबर यह है कि ज़्यादातर डॉक्टर हर दूसरे दिन सप्लीमेंट लेने की सलाह देंगे, जिससे अवशोषण में मदद मिल सकती है और अप्रिय दुष्प्रभाव कम किए जा सकते हैं। जो लोग आयरन सप्लीमेंट लेना शुरू करने वाले हैं, उन्हें शुरू करने से पहले एलर्जी और दुष्प्रभावों के बारे में अपने डॉक्टर से बात करनी चाहिए। डॉक्टर कई प्रकार के आयरन फ़ॉर्मूलेशन दे सकते हैं और कभी-कभी मल को नर्म करने वाली दवाइयां या विटामिन C जैसे अन्य उपचार भी अप्रिय पाचन लक्षणों को सीमित करने में मदद कर सकते हैं।
आखिर में, मरीज़ों के लिए यह जानना महत्वपूर्ण है कि आयरन डेफ़िशिएंसी अपेक्षाकृत आम है और इसे नियंत्रित करना महत्वपूर्ण है, चाहे इससे एनीमिया हो या नहीं। आयरन डेफ़िशिएंसी एनीमिया के बारे में ज़्यादा जानकारी के लिए, विषय पर मैन्युअल पेज या क्विक फ़ैक्ट देखें।