उम्र बढ़ने के बारे में स्पॉटलाइट: वृद्ध लोगों में हार्ट फेल्यूर के कारण

केवल उम्र के ढलने से ही हार्ट फेल्यूर नहीं होता है। लेकिन वृद्ध लोगों में हार्ट फेल्यूर के सबसे आम कारणों के होने की अधिक संभावना होती है, जिनमें लंबे समय से चला आ रहा उच्च रक्तचाप और (करोनरी धमनी रोग के कारण) दिल के दौरे शामिल हैं।

विकार दो तरीकों से हार्ट फेल्यूर उत्पन्न कर सकते हैं। वे हृदय की निम्नलिखित काम करने की क्षमता के साथ समस्या पैदा कर सकते हैं

  • रक्त से भरना

  • रक्त को बाहर पंप करना

वृद्ध लोगों में, रक्त से भरने (डायस्टॉलिक डिस्फंक्शन) और उसे पंप करने (सिस्टॉलिक डिस्फंक्शन) की समस्याएं समान रूप से आम होती हैं।

भरने की समस्याएं

भरने की समस्याएं आमतौर से होती हैं क्योंकि निलयों की दीवारें सख्त हो जाती हैं। परिणामस्वरूप, निलयों में रक्त सामान्य रूप से नहीं भर सकता है, और बहुत थोड़ा सा रक्त उनसे बाहर पंप होता है। उम्र के ढलने के साथ, हृदय की मांसपेशी अधिक सख्त होने लगती है, जिससे भरने की समस्याओं के कारण हार्ट फेल्यूर होने की संभावना बढ़ जाती है। उच्च रक्तचाप के कारण भरने की समस्याएं पैदा हो सकती हैं क्योंकि वह हृदय की मांसपेशी को अधिक मोटा और अधिक सख्त बनाता है।

भरने की समस्याएं केवल सख्त हृदय के कारण ही नहीं होती हैं। उदाहरण के लिए, एट्रियल फिब्रिलेशन (उम्र के ढलने के साथ आमतौर से होनेवाली एक असामान्य ताल), में आलिंद तेज रफ्तार से और अनियमित रूप से धड़कते हैं। परिणामस्वरूप, आलिंद निलयों में पर्याप्त रक्त नहीं भेजते हैं। यदि वृद्ध लोगों में एट्रियल फिब्रिलेशन अचानक होता है, तो हार्ट फेल्यूर पैदा हो सकता है।

पंपिंग की समस्याएं

पंपिंग की समस्याएं आमतौर से तब होती है जब हृदय की मांसपेशी क्षतिग्रस्त हो जाती है। क्षतिग्रस्त हृदय कम रक्त पंप करता है, जिससे हृदय के भीतर दबाव बढ़ जाता है और हृदय के कक्ष आकार में बड़े हो जाते हैं।

वृद्ध लोगों में हृदय की क्षति का सबसे आम कारण दिल का दौरा है (हृदय को रक्त की आपूर्ति करने वाली किसी धमनी के ब्लॉकेज के कारण)।

हृदय वाल्व के विकार भी पंपिंग की समस्याएं पैदा कर सकते हैं।

अयोर्टिक स्टीनोसिस (हृदय के वाल्वों का विकार) में, बायों निलय और महाधमनी के बीच का छिद्र (अयोर्टिक वाल्व) संकरा हो जाता है। परिणामस्वरूप, हृदय से बाहर रक्त की पंपिंग करना कठिन हो जाता है। अयोर्टिक स्टीनोसिस वृद्ध लोगों में हार्ट फेल्यूर का आम कारण है।

यदि COPD (क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी रोग) या क्षतचिह्नों (पल्मोनरी फाइब्रोसिस) जैसा फैफड़े का कोई विकार लंबे समय तक मौजूद रहता है, तो फेफड़ों में रक्तचाप बढ़ जाता है। परिणामस्वरूप, दायें निलय के लिए फेफड़ों में रक्त पंप करना कठिन हो जाता है।