फाइब्रोमस्कुलर डिस्प्लेज़िया धमनियों की दीवारों का असामान्य रूप से मोटा होना है जो एथरोस्क्लेरोसिस या सूजन से संबंधित नहीं है लेकिन जो धमनी में संकरापन या रुकावट पैदा करता है।
फ़ाइब्रोमस्कुलर डिस्प्लेसिया एक प्रकार का ऑक्लूसिव परिधीय धमनी रोग है।
फ़ाइब्रोमस्कुलर डिस्प्लेसिया आमतौर पर 40 से 60 वर्ष की आयु की महिलाओं में होता है। कारण अज्ञात है। हालांकि, आनुवंशिक घटक की उपस्थिति संभव है, और धूम्रपान एक जोखिम कारक हो सकता है। फ़ाइब्रोमस्कुलर डिस्प्लेसिया कुछ संयोजी ऊतक विकारों (उदाहरण के लिए, एहलर्स-डानलोस सिंड्रोम, सिस्टिक मेडियल नेक्रोसिस [ऐसी स्थिति जिसमें एओर्टा की दीवारों का अपक्षय हो जाता है], आनुवंशिक नेफ्राइटिस) और न्यूरोफ़ाइब्रोमेटोसिस से पीड़ित लोगों में अधिक आम है।
फाइब्रोमस्कुलर डिस्प्लेज़िया उन धमनियों को जो गुर्दों (रीनल धमनियाँ), मस्तिष्क (कैरोटिड या इंट्राक्रेनियल धमनियाँ), आमाशय और आंत (इंट्राअब्डॉमिनल धमनियाँ जैसे कि सीलियक और मेसेंट्रिक धमनियाँ), या उन धमनियों को प्रभावित कर सकता है जो पैरों को रक्त की आपूर्ति करने के लिए महाधमनी के निचले भाग से निकलती हैं (एक्सटर्नल इलियक धमनियाँ)। लोगों को फाइब्रोमस्कुलर डिस्प्लेज़िया एक से अधिक धमनी में हो सकता है।
फाइब्रोमस्कुलर डिस्प्लेज़िया चाहे कहीं भी हो आमतौर से लक्षण पैदा नहीं करता है। जब लक्षण होते हैं, तो स्थान के अनुसार भिन्न होते हैं:
कैरोटिड धमनियाँ: ट्रांसिएंट इस्कीमिक दौरे या स्ट्रोक के लक्षण (जैसे कि, बोलने में कठिनाई, मांसपेशी की कमजोरी, शरीर के एक तरफ लकवा, दृष्टि की समस्याएं)
पेट के भीतर की धमनियाँ: उल्टी या पेट में दर्द (दुर्लभ)
इंट्राक्रेनियल धमनियाँ: सेरेब्रल एन्यूरिज्म के लक्षणों के समान लक्षण (जैसे कि, सिरदर्द, आँख के ऊपर और पीछे दर्द, सुन्नता, कमजोरी, शरीर के एक तरफ लकवा, दृष्टि की समस्याएं)
पैरों की धमनियाँ: पैर की मांसपेशियों में दर्द, पीड़ा, ऐंठन, या थकान की अनुभूति (क्लॉडिकेशन), स्टेथस्कोप से असामान्य ध्वनियाँ सुनाई देना जो संकरी धमनी में से तेजी से जाते रक्त के कारण पैदा होती हैं (ब्रुइट), और फीमोरल शिरा में नब्जों का कम होना
गुर्दे की धमनियाँ: उच्च रक्तचाप
अल्ट्रासाउंड से निदान का पता चल सकता है, लेकिन निदान की पुष्टि करने के लिए एंजियोग्राफ़ी की जाती है।
फाइब्रोमस्कुलर डिसप्लेज़िया का उपचार
एंजियोप्लास्टी, सर्जरी, या एन्यूरिज्म की मरम्मत
उपचार स्थान के अनुसार भिन्न होता है। इसमें एंजियोप्लास्टी, बायपास सर्जरी (आकृति देखें) या एन्यूरिज्म रिपेयर शामिल हो सकते हैं।
धूम्रपान छोड़ना महत्वपूर्ण है।
क्योंकि धमनियों में अवरोध एथरोस्क्लेरोसिस के कारण भी होता है, इसलिए फाइब्रोमस्कुलर डिस्प्लेज़िया और एथरोस्क्लेरोसिस के जोखिम कारकों (जैसे कि, उच्च रक्तचाप, रक्त में कोलेस्ट्रॉल के उच्च स्तर, और मधुमेह) वाले लोगों को उन विकारों के उपचार की भी जरूरत हो सकती है।
अधिक जानकारी
निम्नलिखित अंग्रेजी भाषा के संसाधन उपयोगी हो सकते हैं। कृपया ध्यान दें कि इन संसाधनों की सामग्री के लिए मैन्युअल उत्तरदायी नहीं है।



