छाती की दीवार के ट्यूमर, जो कैंसरयुक्त या कैंसर-रहित हो सकते हैं, ये पसलियों और उनकी पेशियों, कनेक्टिव मांसपेशियों और नसों के ट्यूमर होते हैं, जो फेफड़े के काम को रोक सकते हैं।
(फेफड़े के ट्यूमर का विवरण भी देखें।)
छाती की दीवार के ट्यूमर, छाती दीवार में पैदा हो सकते हैं (इसे प्राइमरी ट्यूमर कहते हैं) या शरीर के किसी दूसरे अंग में हुए कैंसर से छाती की दीवार तक आ जाते हैं (मेटास्टेटासाइज़)। छाती की दीवार में हुए लगभग आधे ट्यूमर कैंसर-रहित (मामूली) होते हैं।
छाती की दीवार के सबसे आम कैंसर-रहित ट्यूमर ऑस्टियोकोंड्रोमा और कोंड्रोमा, दोनों ही कार्टिलेज के भागों और फ़ाइब्रस डिस्प्लेसिया (फ़ाइब्रस ऊतक की अत्यधिक असामान्य, अविभेदित वृद्धि) से शुरू होते हैं।
छाती की दीवार में होने वाले कैंसरयुक्त (हानिकारक) ट्यूमर की एक बहुत बड़ी श्रेणी है। उनमें से आधे से अधिक कैंसर ऐसे होते हैं, जो किसी दूसरे अंग से छाती की दीवार में आ जाते हैं या स्तन या फेफड़े जैसे किसी पास के अंगों से सीधे फैल जाते हैं। छाती की दीवार से होने वाले सबसे सामान्य कैंसरयुक्त ट्यूमर हैं सार्कोमा।
कोंड्रोसार्कोमा, छाती की दीवार में होने वाले सबसे आम प्राइमरी सार्कोमा होते हैं और पसलियों के आगे के भाग के कार्टिलेज से शुरू होते हैं और स्टेर्नम, स्कैपुला या क्लेविकल में बहुत कम ही होते हैं। हड्डी के ट्यूमर में ऑस्टियोसार्कोमा और स्मॉल-सेल वाले हानिकारक ट्यूमर शामिल हैं (जैसे इविंग सार्कोमा या एस्किन ट्यूमर)।
कोमल ऊतकों के सबसे आम कैंसरयुक्त प्राथमिक ट्यूमर फ़ाइब्रोसारकोमा (डेस्मॉइड्स और न्यूरोफ़ाइब्रोसार्कोमस, जिनमें निशान जैसे ऊतक शामिल होते हैं) और हानिकारक फ़ाइब्रस हिस्टियोसाइटोमा (फ़ाइब्रस कोशिकाओं और प्रतिरक्षा प्रणाली की कोशिकाओं वाला एक मिश्रित ट्यूमर) होते हैं। अन्य प्राथमिक ट्यूमर में कॉन्ड्रोब्लास्टोमा (कार्टिलेज बनाने वाली कोशिकाओं से शुरू होता है), ऑस्टियोब्लास्टोमा (हड्डियां बनाने वाली कोशिकाओं से शुरू होता है), मेलेनोमा (त्वचा की पिगमेंट वाली कोशिकाओं के कैंसर), रैबडोमायोसार्कोमा (कंकाल की मांसपेशियों से शुरू होता है), और लिम्फ़ेनजियोसार्कोमस (लसीका ले जाने वाली वाहिकाओं से शुरू होता है) शामिल हैं। अन्य कैंसरों में मल्टीपल मायलोमा, लिम्फ़ोमा और प्लाज़्मासाइटोमा शामिल हैं, जो श्वेत रक्त कोशिकाओं या उनके पूर्ववर्तियों से शुरू होते हैं।
छाती की दीवार में होने वाले ट्यूमर के लक्षण
छाती की दीवार के ट्यूमर वाले कुछ लोगों में कोई लक्षण नहीं होते हैं। अगर ट्यूमर छाती की दीवार में किसी नरम ऊतक में हुआ है, तो छाती की दीवार में हुई गांठ ही उसका एकमात्र लक्षण होती है। कुछ लोगों को बुखार आ सकता है।
आमतौर पर लोगों को तब तक दर्द नहीं होता है, जब तक कि ट्यूमर बढ़ नहीं जाता।
हड्डी या कार्टिलेज में होने वाले ट्यूमर में अक्सर दर्द होता है।
छाती की दीवार में होने वाले ट्यूमर का निदान
इमेजिंग
बायोप्सी
कभी-कभी छाती की दीवार में होने वाले ट्यूमर का पता तब चलता है, जब किसी अन्य वजह से छाती का इमेजिंग की जाती है।
छाती की दीवार में ट्यूमर से पीड़ित लोगों को इमेजिंग परीक्षण कराने पड़ते हैं, जैसे छाती का एक्स-रे, कंप्यूटेड टोमोग्राफ़ी (CT), मैग्नेटिक रीसोनेंस इमेजिंग (MRI) और ज़रूरत पड़ने पर पोज़िस्ट्रॉन एमिशन टोमोग्राफ़ी (PET)–CT की जाती है, जिससे ट्यूमर की वास्तविक जगह और उसके फैलने की सीमा निर्धारित की जा सके, यह भी पता लगाया जा सके कि ट्यूमर छाती की दीवार में हुआ है या यह मेटास्टेसिस है, जो शरीर के किसी अंग से छाती तक आया है। जांच की पुष्टि करने के लिए बायोप्सी की जा सकती है।
छाती की दीवार के ट्यूमर का इलाज
सर्जरी
ज़रूरत पड़ने पर कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी और सर्जरी साथ में की जाती है
छाती की दीवार के अधिकांश ट्यूमर सर्जरी करके निकाले जाते हैं। ज़रूरत पड़ने पर, छाती की दीवार को फिर से बनाया जाता है, इसके लिए कभी-कभी शरीर के दूसरे अंगों से ऊतक लिए जाते हैं।
अन्य मामलों में, इलाज के लिए कीमोथेरेपी या रेडिएशन थेरेपी में से कोई एक या दोनों की जाती हैं।
छाती की दीवार में ट्यूमर का पूर्वानुमान
कैंसर के प्रकार, कोशिका विभेदन और उसकी स्टेज के आधार पर रोग का बढ़ना अलग-अलग प्रकार का हो सकता है। हालांकि, चूंकि ये ट्यूमर कम ही होते हैं, इसलिए इस बीमारी के बारे में ज़्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है। जैसा कि अधिकांश कैंसर में होता है, जल्दी पता लगने पर लंबा जीवन जीने की संभावना ज़्यादा होती है।
अधिक जानकारी
निम्नलिखित अंग्रेजी भाषा के संसाधन सहायक हो सकते हैं। कृपया ध्यान दें कि इन संसाधनों की सामग्री के लिए मैनुअल ज़िम्मेदार नहीं है।
कैंसर नेशन पूर्व में नेशनल कोएलिशन फॉर कैंसर सर्वाइवरशिप



