प्योडर्मा गैंग्रीनोसम क्या है?
प्योडर्मा गैंग्रीनोसम त्वचा का एक रोग है जिसमें आपकी त्वचा पर, आम तौर पर आपके पैरों की त्वचा पर, बड़े छाले हो जाते हैं।
यह अधिकतर 25 से 55 वर्षीय लोगों में होता है
डॉक्टर इसका कारण नहीं जानते हैं, पर यह अक्सर उन लोगों में होता है जो किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या से ग्रस्त होते हैं, जैसे इंफ्लेमेटरी बॉवेल डिजीज
कभी-कभी यह हाल ही में चोटिल हुई त्वचा पर हो जाता है
आपकी त्वचा पर छोटे-छोटे उभार या फफोले हो जाते हैं जो खुले घाव बन जाते हैं
उपचारों में ड्रेसिंग, क्रीम, और दवाएँ शामिल हैं
प्योडर्मा गैंग्रीनोसम क्यों होता है?
डॉक्टर ठीक-ठीक नहीं जानते कि प्योडर्मा गैंग्रीनोसम क्यों होता है, पर उनके विचार में इसमें आपके प्रतिरक्षा तंत्र से जुड़ी किसी समस्या की भूमिका होती है। प्योडर्मा गैंग्रीनोसम उन लोगों में अधिक आम है जो किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या से ग्रस्त हैं, जैसे:
प्योडर्मा गैंग्रीनोसम के लक्षण क्या हैं?
प्योडर्मा गैंग्रीनोसम के लक्षणों में शामिल हैं:
एक लाल उभार या फफोला जो खुला और दर्द करने वाला घाव बन जाता है जो तेज़ी से बढ़ता है
घाव के इर्द-गिर्द उठा हुआ स्थान जो गहरे रंग का या बैंगनी होता है
बुखार
अस्वस्थता का सामान्य एहसास
प्योडर्मा गैंग्रीनोसम के कारण हुए घाव इन कारणों से और बदतर हो सकते हैं:
बायोप्सी (एक माइक्रोस्कोप के नीचे देखने के लिए ऊतक का हिस्सा निकालना)
घाव से मृत त्वचा की सफ़ाई (जिसे डेब्राइडमेंट कहते हैं)—हालांकि डेब्राइडमेंट से घावों को ठीक होने में मदद मिलती है, पर प्योडर्मा गैंग्रीनोसम के घावों के डेब्राइडमेंट से वे बेहतर होने की बजाय बदतर हो जाते हैं
कभी-कभी लक्षण अन्य स्थानों तक फैल सकते हैं, जैसे आपका उदर, हड्डियाँ, फेफड़े, या मांसपेशियाँ।
इस फोटो में पैर पर मटमैली-बैंगनी किनारी वाला एक खुला घाव (अल्सर) देखा जा सकता है।
© स्प्रिंगर सायन्स + बिज़नेस मीडिया
डॉक्टर कैसे बता सकते हैं कि मुझे प्योडर्मा गैंग्रीनोसम है?
डॉक्टर घावों को देखकर आम तौर पर बता सकते हैं कि आपको प्योडर्मा गैंग्रीनोसम है।
डॉक्टर प्योडर्मा गैंग्रीनोसम का उपचार कैसे करते हैं?
डॉक्टर प्योडर्मा गैंग्रीनोसम का उपचार इनके उपयोग से करते हैं:
आपकी त्वचा की रक्षा के लिए ड्रेसिंग
कॉर्टिकोस्टेरॉइड्स
कभी-कभी, आपके प्रतिरक्षा तंत्र को शांत करने वाली दवा
डॉक्टर आम तौर पर सर्जरी नहीं करते हैं क्योंकि उससे घाव और बदतर हो जाते हैं।



