चिकनगुनिया की वैक्सीन उन लोगों में चिकनगुनिया रोग को रोकने में मदद करती है, जिन्हें विदेश यात्रा या प्रयोगशाला के कार्य के कारण चिकनगुनिया वायरस के संपर्क में आने का अधिक जोखिम होता है।
चिकनगुनिया रोग एडीज मच्छर द्वारा फैलाया जाता है। चिकनगुनिया की वैक्सीन डेंगू, पीत ज्वर या ज़ीका वायरस के संक्रमण से सुरक्षा नहीं देती हैं, जो कि उसी एडीज मच्छर द्वारा फैलाए जाते हैं।
(इम्युनाइज़ेशन का विवरण भी देखें।)
वैक्सीन का प्रकार
दुनिया भर में उपयोग के लिए 2 चिकनगुनिया वैक्सीन उपलब्ध हैं।
एक चिकनगुनिया वैक्सीन एक जीवित-क्षीणित वैक्सीन है, जिसका अर्थ है कि इसमें चिकनगुनिया वायरस का कमजोर (क्षीण) लेकिन फिर भी जीवित संस्करण होता है (यह वैक्सीन अमेरिका में उपलब्ध नहीं है)। चूंकि वायरस कमजोर हो जाता है, इसलिए यह चिकनगुनिया रोग का कारण नहीं बन सकता है, लेकिन यह किसी व्यक्ति की प्रतिरक्षा प्रणाली से एक मजबूत प्रतिक्रिया को ट्रिगर करता है (सक्रिय इम्युनाइज़ेशन देखें)।
अन्य चिकनगुनिया वैक्सीन एक रिकॉम्बिनेंट वैक्सीन है, जिसका अर्थ है कि इसमें चिकनगुनिया वायरस का केवल एक खास अंश (जैसे इसका प्रोटीन) होता है। इस वैक्सीन में चिकनगुनिया वायरस प्रोटीन का एक हानिरहित संस्करण होता है जो किसी लेबोरेटरी में बनाया जाता है और अन्य पदार्थों के साथ फिर से जोड़ा जाता है। यदि कोई व्यक्ति संक्रमित हो जाता है, तब शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली प्रोटीन को पहचानने और लड़ने में सक्षम होती है।
चिकनगुनिया वैक्सीन के लिए खुराक और सिफ़ारिशें
चिकनगुनिया की वैक्सीन किसी मांसपेशी में 1 इंजेक्शन के रूप में दी जाती हैं।
ऐसे लोग, जिन्हें यह वैक्सीन लगवानी चाहिए
चिकनगुनिया वैक्सीन की सिफारिश ऐसे लोगों के लिए की जाती है, जो किसी ऐसे देश या क्षेत्र की यात्रा कर रहे हैं जहां चिकनगुनिया का प्रकोप है।
चिकनगुनिया वैक्सीन की सिफारिश ऐसे लेबोरेटरी के कर्मचारियों के लिए की जाती है, जो चिकनगुनिया वायरस के साथ काम कर सकते हैं या चिकनगुनिया वायरस के संपर्क में आ सकते हैं।
इसके अलावा, निम्नलिखित लोगों के लिए चिकनगुनिया की वैक्सीन लगाने पर विचार किया जा सकता है जो किसी ऐसे देश या क्षेत्र की यात्रा कर रहे हैं जहां इसका प्रकोप तो नहीं है, लेकिन जहां पिछले 5 वर्षों के दौरान मनुष्यों के बीच चिकनगुनिया वायरस के फैलने के प्रमाण मिले हैं:
केवल रिकॉम्बिनैंट वैक्सीन: 65 वर्ष से अधिक आयु के लोग, खास तौर पर वे लोग जिनकी कोई अंतर्निहित चिकित्सा स्थिति है (जैसे कि कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली) और जिनके मच्छरों के संपर्क में आने की संभावना कम से कम मध्यम स्तर की है (मध्यम स्तर पर आने वाले यात्रियों में वे लोग शामिल हो सकते हैं जो घर के अंदर या बाहर की व्यवस्था में मच्छरों के संपर्क में लगातार कम से कम 2 सप्ताह तक रह चुके हों)
ऐसे क्षेत्र में 6 महीने या उससे अधिक की संचयी अवधि के लिए रहने वाले लोग
ऐसे लोग, जिन्हें यह वैक्सीन नहीं लगवानी चाहिए
जिन लोगों को चिकनगुनिया वैक्सीन के किसी भी घटक से गंभीर, जानलेवा एलर्जिक प्रतिक्रिया (जैसे एनाफ़ाइलेक्टिक प्रतिक्रिया) हुई हो, उन्हें यह वैक्सीन नहीं लगवानी चाहिए।
जिन लोगों की प्रतिरक्षा प्रणाली किसी विकार (जैसे HIV संक्रमण) से कमजोर हो जाती है या जिन्हें अपनी प्रतिरक्षा प्रणाली को दबाने वाली दवाएँ लेने की आवश्यकता होती है (जैसे कॉर्टिकोस्टेरॉइड या कीमोथेरेपी एजेंट), उन्हें चिकनगुनिया वैक्सीन नहीं लेनी चाहिए।
गर्भवती महिलाओं को प्रसव के बाद तक वैक्सीन नहीं लगवाना चाहिए। हालांकि, अगर वे गर्भवती होने के दौरान चिकनगुनिया वायरस के संपर्क में आने से बच नहीं सकती हैं, तो उन्हें अपने डॉक्टर के साथ टीकाकरण के संभावित लाभों और जोखिमों के विरुद्ध संक्रमण के जोखिमों पर चर्चा करनी चाहिए। यदि गर्भवती महिलाएँ वैक्सीन लेने का विकल्प चुनती हैं, तो डॉक्टर सलाह देते हैं कि वे दूसरी या शुरुआती तीसरी तिमाही के दौरान इसे लगवा लें। वैक्सीन पहली तिमाही के दौरान या तीसरी तिमाही के आखिर में नहीं दी जाती है।
इसी तरह के सुझाव उन लोगों को दिये जाते हैं, जो स्तनपान (चेस्टफीडिंग) करा रही हों। हालांकि, अगर चिकनगुनिया संक्रमण का जोखिम अधिक है, जैसे कि प्रकोप के दौरान, तो वैक्सीन दी जा सकती है, लेकिन स्तनपान कराने वाली महिलाओं को अपने डॉक्टर के साथ अपने शिशु के लिए स्तनपान के लाभों के विरुद्ध संक्रमण के जोखिमों पर चर्चा करनी चाहिए।
जीवित-क्षीण वैक्सीन का उपयोग 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों में नहीं किया जाना चाहिए।
चिकनगुनिया वैक्सीन के दुष्प्रभाव
सबसे आम तौर पर रिपोर्ट किए गए दुष्प्रभावों में निम्नलिखित शामिल हैं:
इंजेक्शन स्थल की प्रतिक्रिया और कोमलता
सिरदर्द
थकान
मांसपेशियों में दर्द
जोड़ों का दर्द
बुखार
जी मिचलाना
बेहोशी
जीवित-क्षीणित वैक्सीन अमेरिका में उपलब्ध नहीं है। इससे चिकनगुनिया रोग जैसे गंभीर दुष्प्रभाव हो सकते हैं, जिसके परिणामस्वरूप अस्पताल में भर्ती होना पड़ सकता है। एक व्यक्ति की मस्तिष्क में सूजन (एन्सेफलाइटिस) से मृत्यु हो गई है।
दुष्प्रभावों के बारे में अधिक जानकारी के लिए, पैकेज इंसर्ट्स देखें।
