आहार थेरेपी, एक जीवविज्ञान आधारित अभ्यास है, जिसमें नीचे बताए गए कारणों से विशेष आहार कार्यक्रम का इस्तेमाल किया जाता है (जैसे कि मैक्रोबायोटिक, पेलियो, मेडिटेरेनियन और कम कार्बोहाइड्रेट वाला आहार)
किसी विशिष्ट बीमारी का इलाज या रोकथाम (जैसे कैंसर या कार्डियोवैस्कुलर विकार) करता है
आमतौर पर स्वास्थ्य कल्याण को बढ़ावा देता है
शरीर को डिटॉक्सिफाई करता है (शरीर से विषाक्त पदार्थों को बेअसर या समाप्त करके)
कुछ आहार (जैसे मेडिटेरेनियन आहार), पारंपरिक पश्चिमी चिकित्सा में व्यापक रूप से स्वीकार किए जाते हैं और इनके सेवन को प्रोत्साहित किया जाता है।
थेराप्युटिक आहार की शुरुआत करते समय, जिसमें खाने का नाटकीय रूप से अलग तरीका शामिल होता है, लोगों को किसी विशेषज्ञ से सलाह ले लेनी चाहिए, ताकि वे पोषक तत्वों की कमी से बच सकें। आहार विज्ञान और इस दिशा में समझ लगातार विकसित हो रही है और स्वास्थ्य देखभाल या पोषण पेशेवर के साथ इसकी समीक्षा समय-समय पर की जानी चाहिए।
इंटरमिटेंट उपवास
इंटरमिटेंट उपवास के कई रूप हैं, जिनमें दिन के कुछ निश्चित समय तक भोजन को सीमित करना (आमतौर पर 10 घंटे से कम, जिसे अक्सर समय-प्रतिबंधित भोजन कहा जाता है) या एक दिन या उससे अधिक समय तक भोजन न करना (जैसे, एक दिन छोड़कर उपवास) शामिल है। इंटरमिटेंट उपवास से लिवर में संग्रहीत ग्लूकोज़ के बजाय फैट में संग्रहीत कीटोन्स का उपयोग किया जाता है। पशु अध्ययनों में इसके अनुकूल मेटाबोलिक प्रभाव (जैसे, इंसुलिन संवेदनशीलता में वृद्धि, संभवतः जीवनकाल में वृद्धि) पाए गए हैं। मनुष्यों में स्वास्थ्य लाभों में बिना किसी आहार हस्तक्षेप की तुलना में शरीर के वजन और कमर की परिधि में कमी शामिल है, हालांकि लंबी-अवधि का असर अनिश्चित है। यह भी एक सवाल है, कि क्या इंटरमिटेंट उपवास सामान्य कैलोरी प्रतिबंध से अधिक प्रभावी है। उपवास द्वारा वजन घटाने से जुड़ी एक चिंता यह है कि फैट का द्रव्यमान कम होने के साथ-साथ दुबले शरीर के द्रव्यमान में भी कमी आती है; हालांकि फैट के द्रव्यमान की कमी मेटाबोलिक लाभों में योगदान दे सकती है, लेकिन उतने ही हानिकारक स्वास्थ्य प्रभाव मांसपेशियों के द्रव्यमान में कमी के कारण हो सकते हैं।
कीटो आहार
कीटो आहार, पेलियो आहार की तरह, फैट वाले खाद्य पदार्थों की अधिक मात्रा और कार्बोहाइड्रेट की बहुत कम मात्रा वाला होता है। इस आहार का उद्देश्य कीटोसिस को प्रेरित करना है, एक ऐसी अवस्था, जिसमें ऊर्जा के स्रोत के रूप में फैट का इस्तेमाल किया जाता है, जिसके परिणामस्वरूप वजन कम होता है। कीटो आहार भूख को दबाने में कारगर साबित हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप वजन, कमर की नाप, ट्राइग्लिसराइड्स, हीमोग्लोबिन A1C और ब्लड ग्लूकोज़ में कमी आती है।
कीटो आहार में आमतौर पर एवोकाडो, तेल, नट्स, वसायुक्त मछली, अंडे, गोमांस, चिकन, सब्जियां, पनीर, मक्खन और क्रीम शामिल हैं। प्रतिबंधित आहार हमेशा स्वादिष्ट नहीं होता है, और इसका पालन करना एक समस्या है।
जोखिमों में कब्ज, मतली, उल्टी और दस्त जैसे गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल लक्षण शामिल हैं। व्यक्तियों को तथाकथित "कीटो फ्लू" का अनुभव हो सकता है, जिसमें सिरदर्द, थकान, चिड़चिड़ापन, नींद न आना और मतली जैसे लक्षण होते हैं। अन्य जोखिमों में जैव रासायनिक असंतुलन (लिपिड, कैल्शियम और प्रोटीन का उच्च स्तर), किडनी की पथरी, लिवर की क्षति और एनीमिया शामिल हैं।
मैक्रोबायोटिक आहार
मैक्रोबायोटिक आहार में ज़्यादातर सब्जियां, साबुत अनाज, फल और अनाज होते हैं। हालांकि मैक्रोबायोटिक आहार का पालन करने वाले कुछ लोगों में कैंसर और उसके लक्षणों में सुधार देखा गया है, लेकिन अच्छी तरह से डिज़ाइन किए गए शोध अध्ययनों में इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
मैक्रोबायोटिक आहार के जोखिमों में अनायास ही वजन कम होना और कभी-कभी कुछ पोषक तत्वों का अपर्याप्त सेवन शामिल है।
ओर्निश आहार
यह बहुत कम फैट वाला शाकाहारी आहार कोरोनरी धमनी रोग का कारण बनने वाली धमनियों की रुकावटों को दूर करने में मदद करता है और प्रोस्टेट और दूसरे कैंसर की प्रगति को रोकने या धीमा करने में मदद कर सकता है। यह पौध-आधारित खाद्य पदार्थों और फैट, परिष्कृत कार्बोहाइड्रेट और पशु प्रोटीन से परहेज करने पर केंद्रित है। लक्षणात्मक कोरोनरी धमनी रोग वाले प्रतिभागियों के लिए एक गहन जीवन शैली कार्यक्रम के एक हिस्से के रूप में, ओर्निश आहार प्रभावी है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि आहार के विशिष्ट खाद्य प्रतिबंधों से क्या लाभ होते हैं। इसी तरह के लाभ अन्य आहारों से भी हो सकते हैं जो कम स्वास्थ्यवर्धक फैट और परिष्कृत कार्बोहाइड्रेट को सीमित करते हैं लेकिन अधिक स्वास्थ्यवर्धक फैट (जैसे, जैतून का तेल) को सीमित नहीं करते हैं।
पेलियो आहार
पेलियो आहार में उन खाद्य पदार्थों का समावेश होता है जिनका सेवन कथित तौर पर सुदूर अतीत में पेलियोलिथिक (पाषाण युग) के दौरान किया जाता था, जब भोजन का शिकार किया जाता था या उसे इकट्ठा किया जाता था। यानी इसमें जानवरों और जंगली पौधों से बने खाद्य पदार्थ होते हैं। इस तरह, इस आहार से आप:
अधिक प्रोटीन खाते हैं
कम कार्बोहाइड्रेट खाना और मुख्य रूप से बिना स्टार्च वाले ताजे फल और सब्जियां खाना
अधिक फाइबर का सेवन करते हैं
अक्सर ऐसी वसा अधिक खाते हैं, जिसमें मुख्य रूप से मोनोअनसैचुरेटेड और पॉलीअनसेचुरेटेड वसा होती है
पैलियोलिथिक युग के दौरान उपलब्ध नहीं होने वाले खाद्य पदार्थों (जैसे डेयरी उत्पाद, अनाज, फलियां, संसाधित तेल, रिफाइन की गयी शुगर, नमक और कॉफी) के सेवन से बचा जाता है। इसके समर्थकों का दावा है कि लोग इनमें से कई खाद्य पदार्थों को पचा (मेटाबोलाइज़) नहीं पाते हैं। हालांकि, पेलियोलिथिक युग में क्या खाया जाता था, इसका ज्ञान सीमित है, और कुछ प्रमाण बताते हैं कि पेलियोलिथिक युग में आहार इतना सीमित नहीं था, जितना कि आधुनिक युग में सीमित है।
पेलियो आहार के समर्थकों का दावा है कि यह कोरोनरी धमनी रोग, टाइप 2 डायबिटीज और कई क्रोनिक बीमारियों के जोखिम को कम करता है। वे यह भी दावा करते हैं कि यह वज़न घटाने में मदद करता है, एथलेटिक प्रदर्शन में सुधार करता है, नींद को बढ़ाता है और मानसिक क्रियाविधि में सुधार करता है। हालांकि, साक्ष्यों की मानें, तो इस आहार से इनमें से कोई भी प्रभाव नहीं मिलता है।
पेलियो आहार के जोखिमों में कुछ पोषक तत्वों का अपर्याप्त सेवन (साबुत अनाज और डेयरी उत्पादों के कम सेवन के कारण) और संभवतः कोरोनरी धमनी रोग का बढ़ा हुआ जोखिम (फैट और प्रोटीन के अधिक सेवन के कारण) शामिल हैं।



