अवॉयडैंट व्यक्तित्व विकार

इनके द्वाराThe Manual's Editorial Staff
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया सित. २०२२

आपका व्यक्तित्व आपके सोचने, समझने, प्रतिक्रिया करने, और लोगों से मिलने-जुलने का अद्वितीय तरीका है।

व्यक्तित्व विकार केवल असामान्य व्यक्तित्व ही नहीं होता है। यह तब होता है जब व्यक्तित्व की विशेषताएँ आपके जीवन में उल्लेखनीय समस्याएँ पैदा करती हैं या आपको अन्य लोगों के साथ सामान्य व्यवहार करने से रोकती हैं।

अवॉयडैंट व्यक्तित्व विकार क्या है?

अवॉयडैंट व्यक्तित्व विकार यह है:

  • अस्वीकृति या आलोचना के डर से लोगों और सामाजिक परिस्थितियों से बचने का एक पैटर्न होता है

अवॉयडैंट व्यक्तित्व विकार से ग्रस्त लोगों में:

  • आत्मसम्मान की कमी होती है और वे आलोचना के प्रति अत्यंत संवेदनशील होते हैं

  • मित्र चाहते हैं पर मित्र बनाने में उन्हें कठिनाई होती है

  • लज्जित होने या भयभीत होने या उपहास के डर से सामाजिक परिस्थितियों से बचते हैं

  • नए लोगों से मिलने-जुलने या कार्यस्थल पर नई ज़िम्मेदारी लेने से बचते हैं

  • चुपचाप और संकोची बने रहते हैं क्योंकि वे गलत बात कहने के बारे में चिंतित रहते हैं

  • खुद को नाकारा समझते हैं और मान लेते हैं कि अन्य लोग उन्हें पसंद नहीं करते हैं

  • नई गतिविधियाँ आजमाना या जोखिम उठाना नहीं चाहते हैं

बहुत सारे लोग सामाजिक परिस्थितियों में या नए लोगों से मिलते समय थोड़े व्यग्र होते हैं। और आलोचना में किसी को भी मज़ा नहीं आता है। लेकिन इस तरह की भावनाएँ तब विकार में बदल सकती हैं यदि वे लोगों को कार्यस्थल में सफल होने या सामान्य जीवन का आनंद लेने से रोकती हैं, या यदि लोग इन कठिनाइयों में उलझ जाते हैं।

अवॉयडैंट व्यक्तित्व विकार महिलाओं में अधिक होता है। इस विकार वाले लोगों में अक्सर अवसाद, ऑब्सेसिव-कम्पल्सिव विकार (OCD), व्यग्रता, या कोई अन्य व्यक्तित्व विकार भी होता है।

अवॉयडैंट व्यक्तित्व विकार क्यों होता है?

अवॉयडैंट व्यक्तित्व विकार संभवतः इन दोनों के कारण होता है:

  • आपके जीन (आपके माता-पिता से आपको मिली आनुवंशिक जानकारी)

  • आपके अनुभव और परवरिश

डॉक्टर अवॉयडैंट व्यक्तित्व विकार का उपचार कैसे करते हैं?

डॉक्टर अवॉयडैंट व्यक्तित्व विकार का उपचार निम्नलिखित से करते हैं:

  • परामर्श या टॉक थैरेपी जिसमें सामाजिक कौशलों पर ध्यान दिया जाता है

  • कभी-कभी, अन्य प्रकार की थैरेपी

  • किसी भी व्यग्रता और अवसाद के लिए दवाएँ