डायाफ़्राम छाती और पेट के बीच की मांसपेशी है जो आपको सांस लेने में मदद करती है। हर्निया मांसपेशी में एक छेद या कमजोर स्थान है।
डायाफ़्रामेटिक हर्निया क्या होता है?
डायाफ़्रामेटिक हर्निया डायाफ़्राम में एक छेद या कमजोर स्थान है जिसमें पेट के अंग छाती में उभर जाते हैं।
शिशुओं का जन्म एक डायाफ़्रामेटिक हर्निया के साथ हो सकता है
बच्चे का पेट, आंत, लिवर, या स्प्लीन छाती में एक तरफ उभार सकता है और फेफड़े को दबा सकता है
डायाफ़्रामेटिक हर्निया लगभग हमेशा बाईं ओर होता है
इससे जन्म के समय सांस लेने में गंभीर समस्या हो सकती है
अगर जन्म से पहले पेट के अंग छाती में फैल जाते हैं, तो हो सकता है कि उस तरफ का फेफड़ा सामान्य रूप से विकसित न हो पाए। अगर जन्म के बाद पेट के अंग छाती में फैल जाते हैं, तो आपके बच्चे को सांस लेने में कठिनाई होगी।
डायाफ़्रामेटिक हर्निया किन कारणों से होता है?
डायाफ़्रामेटिक हर्निया के होने की वजह डॉक्टर्स पक्के तौर पर नहीं जानते हैं, लेकिन बच्चों में यह अक्सर अन्य जन्मजात दोषों के साथ होता है।
नवजात शिशु का यह एक्स-रे दिखाता है कि आंतें (सफेद कॉइल) छाती के बायीं तरफ (तीर) फैली हुई हैं।
DU CANE MEDICAL IMAGING LTD/SCIENCE PHOTO LIBRARY
डॉक्टर कैसे पता लगाएँगे कि मेरे बच्चे को डायाफ़्रामेटिक हर्निया है?
नियमित अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टर आपके बच्चे के जन्म से पहले डायाफ़्रामेटिक हर्निया का पता लगा सकते हैं। जन्म के बाद डॉक्टर छाती का एक्स-रे करते हैं।
डॉक्टर डायाफ़्रामेटिक हर्निया का इलाज कैसे करते हैं?
डायाफ़्रामेटिक हर्निया का इलाज करने के लिए, डॉक्टर ये करेंगे:
ज़रूरत पड़ने पर, आपके बच्चे को साँस लेने की मशीन (वेंटिलेटर) से ऑक्सीजन देंगे
आपके बच्चे के डायाफ़्राम में छेद या कमजोर जगह को ठीक करने के लिए सर्जरी करेंगे



