जीवन की गुणवत्ता को अक्सर उस स्तर के रूप में परिभाषित किया जाता है, जिस स्तर पर कोई व्यक्ति स्वस्थ, आरामदायक महसूस करता है और जीवन की घटनाओं में भाग लेने या उनका आनंद लेने में सक्षम होता है। इस तरह, यह अत्यधिक व्यक्तिगत है। एक व्यक्ति जिसे जीवन की गुणवत्ता के रूप में देखता है उसके बारे में दूसरे व्यक्ति के विचार बहुत ही अलग हो सकते हैं। कई लोगों के लिए, जीवन की गुणवत्ता अक्सर स्वास्थ्य और स्वास्थ्य देखभाल के विकल्पों के इर्द-गिर्द घूमती है, इसलिए जब लोग और उनके डॉक्टर चिकित्सा मुद्दों के बारे में निर्णय ले रहे हों, तो उन्हें जीवन की गुणवत्ता पर पड़ने वाले प्रभाव पर विचार करना चाहिए।
जीवन की गुणवत्ता पर चर्चा करते समय, वयोवृद्ध वयस्क, उनकी देखभाल करने वालों और उनके डॉक्टरों को निम्नलिखित बातें ध्यान में रखनी चाहिए:
सबसे अच्छे चिकत्सीय फ़ैसले हर व्यक्ति के लिए अलग होते हैं।
ये फ़ैसले सिर्फ़ उम्र पर निर्भर नहीं करते हैं।
वयोवृद्ध वयस्क के विरुद्ध पूर्वाग्रह दिखाने वाली भाषा और मनोवृत्ति (बुजुर्गों के साथ गलत व्यवहार) से बचना ज़रूरी होता है। उदाहरण के लिए, लोगों को यह नहीं मान लेना चाहिए कि किसी विशेष आयु के व्यक्ति को केवल उनकी आयु के कारण कोई चिकित्सीय देखभाल नहीं मिलनी चाहिए या उन्हें किसी गतिविधि में भाग नहीं लेना चाहिए।
बुजुर्गों के साथ गलत व्यवहार बहुत अधिक या बहुत कम देखभाल का कारण बन सकता है तथा इससे जीवन की गुणवत्ता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
स्वास्थ्य-संबंधित जीवन की गुणवत्ता
स्वास्थ्य जीवन की गुणवत्ता को कैसे दुष्प्रभावित करता है, यह व्यक्ति पर निर्भर करता है। जीवन की स्वास्थ्य संबंधी गुणवत्ता में योगदान देने वाले कारकों में निम्नलिखित कारक शामिल होते हैं:
कष्टकारी लक्षणों की रोकथाम करना (जैसे दर्द, सांस फूलना, मतली, या कब्ज)
भावनात्मक रूप से स्वस्थ (मतलब खुश, हर स्थिति में प्रसन्न और शांत) महसूस करना
रोज़मर्रा की आम गतिविधियां करने (जैसे भोजन करने, नहाने, कपड़े पहनने और शौचालय का उपयोग करने) में सक्षम होना
दोस्तों और परिवार के लोगों के साथ करीबी जुड़ाव बनाए रखना
सामाजिक गतिविधियों का आनंद लेना
स्वास्थ्य की देखभाल के चिकित्सीय पहलू और वित्तीय प्रबंधन को लेकर संतुष्ट महसूस करना
शरीर की इमेज और कामुकता के एहसास (नज़दीकी संबंधों सहित) के प्रति स्वस्थ धारणा होना
स्वास्थ्य से संबंधित जीवन की गुणवत्ता को नकारात्मक रूप से प्रभावित करने वाले कुछ कारकों में शामिल हैं:
मानसिक विकृति
अक्षमता
क्रोनिक दर्द
देखभाल करने वालों पर निर्भरता
सामाजिक अलगाव
ये कारक लोगों और उनके डॉक्टर को सामान्य तौर पर पता हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, अधिकांश लोग मानते हैं कि क्रोनिक दर्द से बचना या उसका प्रबंधन करना, जीवन की अच्छी गुणवत्ता बनाए रखने का एक सामान्य लक्ष्य होता है।
जीवन की गुणवत्ता से जुड़े अन्य कारक, जैसे घनिष्ठ संबंधों की गुणवत्ता, सांस्कृतिक प्रभाव, धर्म, आध्यात्मिकता, व्यक्तिगत नैतिक मूल्य और स्वास्थ्य देखभाल के पिछले अनुभव, उतने स्पष्ट नहीं हो सकते हैं या डॉक्टर द्वारा आसानी से आंके नहीं जा सकते हैं। इनमें से कई को स्वास्थ्य के सामाजिक निर्धारक (SDOH) कहा जाता है, जो उन स्थानों की परिस्थितियां हैं जहां लोग रहते हैं, सीखते हैं, काम करते हैं और खेलते हैं, जो स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता के जोखिमों और परिणामों की एक विस्तृत श्रृंखला को प्रभावित करती हैं। SDOH में आर्थिक कारक शामिल हैं जैसे पेंशन की उपलब्धता, सेवानिवृत्ति आय, लाभ और सार्वजनिक वित्तीय सहायता जो भोजन, आवास और स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच को प्रभावित कर सकती है।
कुछ कारक जीवन की गुणवत्ता को कैसे प्रभावित करते हैं, इसके बारे में निश्चित रूप से भविष्यवाणी नहीं की जा सकती। इसके अलावा, कुछ कारक जो अंततः जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं, उनका पूर्वानुमान भी नहीं लगाया जा सकता।
साथ ही, जीवन की गुणवत्ता के प्रति दृष्टिकोण परिस्थितियों के अनुसार बदल सकते हैं। उदाहरण के लिए, जीवनसाथी की मृत्यु के बाद व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता में बदलाव आ सकता है और इससे स्वास्थ्य की देखभाल के लक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं।
स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों से बातचीत करना
लोगों को अपने डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों से अपने जीवन की गुणवत्ता और उनके जीवन पर इन स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रभाव के बारे में बात करनी चाहिए। लोगों और उनके स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों को मिलकर स्वास्थ्य की देखभाल के लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। यहाँ तक कि, जब स्वास्थ्य देखभाल पेशेवर सरलता से समझाने के लिए सरल स्पष्टीकरण और प्रश्नों का उपयोग करते हैं, तो हल्के डिमेंशिया या सजगता-आधारित संज्ञानात्मक विकृति वाले लोग भी अपने लक्ष्यों और प्राथमिकताओं के बारे में जान सकते हैं। बोधात्मक विकार से ग्रस्त व्यक्ति के लिए लक्ष्यों की चर्चा करते समय परिवार के सदस्यों का उपस्थित होना मददगार हो सकता है।



