मोलस्कम कंटेजियोसम

इनके द्वाराThe Manual's Editorial Staff
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया फ़र. २०२२

मोलस्कम कंटेजियोसम क्या है?

मोलस्कम कंटेजियोसम एक त्वचा संक्रमण है जिसमें छोटे-छोटे गुलाबी या सफ़ेद, गुंबद जैसी आकृति के उभार बनते हैं जिनके मध्य में गड्ढा होता है।

  • मोलस्कम कंटेजियोसम एक वायरस (पॉक्सवायरस) से होता है और एक से दूसरे व्यक्ति तक आसानी से फैल जाता है

  • आपको किसी संक्रमित व्यक्ति की त्वचा को छूने से, किसी संक्रमित व्यक्ति द्वारा छुई गई किसी वस्तु को छूने से या पानी में, जैसे स्विमिंग पूल में, मोलस्कम कंटेजियोसम हो सकता है

  • मोलस्कम कंटेजियोसम बच्चों में आम है

  • कमज़ोर प्रतिरक्षा तंत्र वाले लोगों (जैसे HIV/एड्स ग्रस्त लोगों) में अधिक गंभीर संक्रमण हो सकते हैं

  • इसके उभार आमतौर पर एक या दो वर्षों में अपने-आप चले जाते हैं, लेकिन वे 3 वर्षों तक बने रह सकते हैं

मोलस्कम कंटेजियोसम के लक्षण क्या हैं?

मुख्य लक्षण है:

  • गुलाबी या सफ़ेद, दर्दहीन उभार जिनकी चौड़ाई एक-चौथाई इंच से कम होती है, आकृति गुंबद जैसी होती है और मध्य में गड्ढा होता है

ये उभार बहुत लाल और खुजलीदार हो सकते हैं—कभी-कभी ऐसा तब होता है, जब वे ठीक होने वाले होते हैं। पर अगर आप उन्हें खुरचें/खुजाएं, तो इससे वायरस उभार के आस-पास की त्वचा तक फैल जाता है जिससे ऐसे और उभार बन जाते हैं।

आपको हथेलियों और तलवों को छोड़कर आपकी त्वचा पर कहीं भी ये उभार हो सकते हैं।

  • मोलस्कम कंटेजियोसम से ग्रस्त बच्चों में आमतौर पर चेहरे, गर्दन, छाती और बगलों में ये उभार होते हैं

  • वयस्कों में आमतौर पर जननांग, वुल्वा या जांघों पर और उदर के निचले भाग पर ये उभार होते हैं

डॉक्टर मोलस्कम कंटेजियोसम का इलाज कैसे करते हैं?

डॉक्टर मोलस्कम कंटेजियोसम का इलाज आमतौर पर नहीं करते हैं, क्योंकि यह एक या दो वर्ष में अपने-आप ठीक हो जाता है। लेकिन अगर उभारों से आपको परेशानी हो रही हो तो इसका इलाज किया जा सकता है। अगर आप वयस्क हैं और उभार आपके जननांग के पास हैं, तो आपको उनका इलाज करवाना चाहिए, ताकि आपसे वे आपके यौन साथियों तक फैल जाएं।

डॉक्टर यह कर सकते हैं:

  • उन्हें जमाकर निकाल देना

  • उन्हें लेजर या इलेक्ट्रिक करंट से जला देना

  • नीडिल से उभारों का मध्य भाग निकाल देना और फिर उन्हें खुरचकर खत्म कर देना

  • आपको लगाने के लिए दवायुक्त क्रीम देना

मोलस्कम कंटेजियोसम की रोकथाम कैसे की जाती है?

बच्चों की त्वचा पर मौजूद उभारों को ढक दें (जैसे किसी बैंडेज से), ताकि वे दूसरों तक न फैले। आपका बच्चा स्कूल या चाइल्ड केयर जाना जारी रख सकता है।

मोलस्कम कंटेजियोसम को अन्य लोगों तक फैलने से रोकने के लिए:

  • अपने हाथ अक्सर धोए

  • किसी को भी आपका तौलिया या अन्य व्यक्तिगत चीज़ें प्रयोग न करने दें

  • उभारों को किसी बैंडेज से ढककर रखें, विशेष रूप से तब जब आप अन्य लोगों के साथ निकट संपर्क में होंगे