स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम

पूर्ण समीक्षा: मई २०२६ इनके द्वाराPatrick James Passarelli, MD, Dartmouth Health | सहकर्मी द्वारा समीक्षा की गईBrenda L. Tesini, MD, University of Rochester School of Medicine and Dentistry
अंतिम बार अपडेट किया गया: मई २०२६
v793244_hi

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम, स्टेफिलोकोकल त्वचा संक्रमण की एक जटिलता है जिसमें त्वचा पर फफोले पड़ जाते हैं और वह उतरने लगती है, मानो जल गई हो।

  • फफोले पड़ने और त्वचा उतरने के साथ-साथ, व्यक्ति को बुखार, कंपकंपी और कमज़ोरी भी होती है।

  • इसका निदान त्वचा के स्वरुप पर आधारित होता है, पर कभी-कभी बायोप्सी भी की जाती है।

  • इलाज में इंट्रावीनस एंटीबायोटिक्स देना और त्वचा की देखभाल शामिल हैं।

  • समय पर उपचार करने पर अधिकांश बच्चे ठीक हो जाते हैं।

(त्वचा के जीवाणु संक्रमणों का विवरण भी देखें।)

कुछ प्रकार के स्टेफिलोकोकी बैक्टीरिया विषाक्त पदार्थ निकालते हैं जिनसे त्वचा की ऊपरी परत (एपिडर्मिस) बाक़ी त्वचा से अलग हो जाती है। चूंकि विषाक्त पदार्थ पूरे शरीर में फैल जाता है, इसलिए त्वचा के छोटे से भाग का स्टेफिलोकोकल संक्रमण पूरे शरीर पर से त्वचा के उतरने का कारण बन सकता है। हालांकि, उतरती त्वचा के अधिकतर भाग वास्तव में बैक्टीरिया से संक्रमित नहीं होते हैं।

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम लगभग केवल और केवल नवजात शिशुओं और 6 वर्ष से छोटे बच्चों में ही होता है। यह बुजुर्गों में बहुत ही कम होता है, लेकिन जिन बुजुर्गों की किडनी फ़ेल हो जाती हैं या जिनका प्रतिरक्षा तंत्र कमज़ोर होता है, उनमें इसके होने की संभावना होती है।

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम के लक्षण

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम के लक्षण, इंपटाइगो जैसे किसी स्टेफिलोकोकल संक्रमण के होने के कुछ समय बाद दिखने लगते हैं। लेकिन इंपटाइगो के लक्षण कभी भी स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम होने से पहले पता नहीं चलते हैं।

नवजात शिशुओं में, यह संक्रमण डायपर वाली जगह से या जीवन के कुछ शुरुआती दिनों में गर्भनाल की गांठ के आस-पास से शुरू हो सकता है।

थोड़े बड़े बच्चों में, यह संक्रमण आम तौर पर चेहरे से शुरू होता है।

वयस्कों में, यह संक्रमण कहीं भी शुरू हो सकता है।

इस संक्रमण से ग्रस्त सभी लोगों में, त्वचा पर एक पपड़ीदार घाव बन जाता है। 1 दिन के अंदर उस घाव के आस-पास की त्वचा लाल हो जाती है और उसमें बहुत दर्द होने लगता है। ये लक्षण जल्दी ही अन्य जगहों पर फैल जाते हैं। त्वचा बहुत ही नाज़ुक हो सकती है जिसमें ज़रा सा छूते ही दर्द होता है और देखने में वह तुड़े-मुड़े टिश्यू पेपर जैसी हो सकती है।

इसके बाद, त्वचा के ऐसे अन्य बड़े हिस्से, जो संक्रमण शुरू होने की जगह के पास नहीं होते हैं, लाल हो जाते हैं और उनमें बड़े और पतले फफोले पड़ जाते हैं, जो आसानी से फूटते हैं और त्वचा छिलनी शुरू हो जाती है। फफोले अक्सर त्वचा पर ऐसी जगह बनते हैं, जो दूसरी सतहों से बार-बार संपर्क में आती है, जैसे त्वचा के आपस में रगड़ने वाली जगह पर और कूल्हे, हथेलियों और पैरों के तलवों में।

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम (नवजात शिशु)
विवरण छुपाओ

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम लगभग हमेशा ही छोटे बच्चों को प्रभावित करता है। त्वचा पर फफोले पड़ जाते हैं और फिर वह उतर जाती है, अक्सर बड़े-बड़े टुकड़ों में।

फोटो थॉमस हबीफ, MD के सौजन्य से।
स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम (वयस्क)
विवरण छुपाओ

इस चित्र में स्टेफ़ाइलोकोकस ऑरियस के संक्रमण से हुआ स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम (जिसे रिटर रोग भी कहते हैं) देखा जा सकता है जिसमें त्वचा की ऊपरी सतह पर फफोले हैं। यह सिंड्रोम वयस्कों में दुर्लभ है, लेकिन ऐसे लोगों में देखने को मिल सकता है जिनका प्रतिरक्षा तंत्र कमज़ोर है या जो किडनी फ़ेल्योर या किसी अन्य क्रोनिक रोग से ग्रस्त हैं।

DermPics/SCIENCE PHOTO LIBRARY

हल्के से छूने या दबाने पर भी त्वचा की ऊपरी परत उतरने लगती है, अक्सर बड़े-बड़े टुकड़ों में। जहां से त्वचा उतरी है वे स्थान झुलसे हुए से दिखते हैं। 2 से 3 दिन के अंदर, त्वचा की सतह के बड़े-बड़े हिस्से प्रभावित हो सकते हैं और व्यक्ति को बुखार, कंपकंपी और कमज़ोरी आ सकती है। रक्षा करने वाले त्वचा बैरियर के न रहने के कारण, अन्य बैक्टीरिया और संक्रामक जीव आसानी से शरीर में प्रवेश कर सकते हैं, उन स्थानों में व अन्य स्थानों में संक्रमण पैदा कर सकते हैं, कभी-कभी रक्तप्रवाह (सेप्सिस) के माध्यम से फैल सकते हैं। साथ ही, फ़्लूड रिसने और वाष्पित होने के कारण फ़्लूड की बहुत अधिक मात्रा घट सकती है, जिससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है।

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम का परीक्षण

  • एक डॉक्टर का मूल्यांकन

  • कभी-कभी ऊतक बायोप्सी और कल्चर

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम का निदान, स्टेफिलोकोकल संक्रमण के स्पष्ट होने के बाद, त्वचा उतरने के स्वरुप से की जाती है।

अगर स्टेफिलोकोकल संक्रमण का कोई भी संकेत नहीं दिखता है, तो डॉक्टर बायोप्सी कर सकते हैं, जिसमें त्वचा का एक छोटा सा टुकड़ा निकालकर टेस्टिंग के लिए लैबोरेटरी भेजा जाता है।

डॉक्टर नाक से, आँखों को ढँकने वाली पतली श्लेष्मा झिल्ली (कंजंक्टिवा) से, गले से, नाक के मार्ग और ऊपरी गले (नेज़ोफ़ैरिंक्स) से स्वैब लेते हैं, रक्त और मूत्र के नमूने लेते हैं और जहाँ से डॉक्टरों को लगता है कि संक्रमण शुरू हुआ था (जैसे गर्भनाल या त्वचा) वहाँ से नमूने लेते हैं और उन्हें बैक्टीरिया के कल्चर के लिए लैबोरेटरी में भेजते हैं। डॉक्टर बैक्टीरिया के विष का पता लगाने के लिए अन्य ब्लड टेस्ट भी करते हैं।

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम का इलाज

  • एंटीबायोटिक्स

  • जलने पर होने वाले इलाज जैसा इलाज

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम से ग्रस्त लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया जाता है। डॉक्टर उन्हें शिरा के ज़रिए (नस के माध्यम से) और बाद में मुँह के ज़रिए (मौखिक रूप से) एंटीबायोटिक्स देते हैं। वे डिहाइड्रेशन को रोकने के लिए बड़ी मात्रा में इंट्रावीनस फ़्लूड भी देते हैं।

जिन लोगों में संक्रमण बड़े हिस्से में फैल जाता है और घावों से तरल पदार्थ रिस रहा होता है, उनका उपचार डॉक्टर उसी तरह करते हैं, जिस तरह का उपचार वे जले हुए लोगों का करते हैं (देखें गंभीर रूप से जलने के घाव)। अगर हो सके, तो लोगों का इलाज बर्न यूनिट में किया जाता है।

त्वचा में नमी बनाए रखने के लिए स्किन मॉइस्चराइज़र (इमोलिएंट, जैसे पेट्रोलियम जेली) का उपयोग किया जा सकता है।

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम का पूर्वानुमान

तुरंत निदान और उपचार करने पर त्वचा की सबसे ऊपरी परत तेज़ी से बदल जाती है और आम तौर पर उपचार शुरू होने से 5 से 7 दिन के भीतर त्वचा ठीक होने लगती है।

स्टेफिलोकोकल स्कैल्डेड स्किन सिंड्रोम, उपचार लेने वाले 10% से कम बच्चों में जानलेवा होता है। हालांकि, यह लगभग 60% वयस्कों में जानलेवा होता है, यहाँ तक कि उपचार लेने वाले लोगों में भी, क्योंकि उन्हें अक्सर एक साथ 2 या दो से ज़्यादा अन्य रोग या चिकित्सा समस्याएँ होती हैं।

quizzes_lightbulb_red
अपना ज्ञान परखेंएक क्वज़ि लें!
iOS ANDROID
iOS ANDROID
iOS ANDROID