फोबिया विकार (फोबिया)

इनके द्वाराThe Manual's Editorial Staff
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया दिस. २०२२

फोबिया विकार क्या है?

फोबिया डर के लिए एक चिकित्सीय शब्द है। खतरनाक चीज़़ों से डरना सामान्य है। अधिकतर लोग किसी चट्टान के किनारे पर खड़े होने या किसी गुर्रा रहे कुत्ते के आसपास जाने जैसी चीज़़ों से डरते हैं।

हालाँकि, फोबिया विकार तब होता है जब डर (फोबिया) निम्नलिखित होता है:

  • अवास्तविक

  • अनुपात में वास्तविक खतरे से अधिक

  • इतना तीव्र कि वह आपको सामान्य गतिविधियों को करने से रोकता है

उदाहरण के लिए, यदि आपको ऊँचाई से इतना डर लगता है कि आप ऊँची इमारत में काम नहीं कर पाएँगे, या आप जानवरों से इतना डरते हैं कि आप अपने बच्चों को चिड़ियाघर नहीं ले जाएँगे, तो आपको फोबिया विकार हो सकता है।

  • जिस चीज़ से आप डरते हैं, उसके आस-पास रहने से आतंक का दौरा पड़ सकता है

  • उपचार एक्सपोज़र थैरेपी से किया जाता है, जिसमें आप धीरे-धीरे उस चीज़़ के आदी हो जाते हैं जिससे आप डरते हैं

कई फोबिया हैं, लेकिन कुछ निम्नलिखित से संबंधित होते हैं:

  • जानवर (ज़ूफोबिया)

  • ऊँचाइयाँ (एक्रोफोबिया)

  • बंद जगहें (क्लॉस्ट्रोफोबिया)

  • तूफ़ान (एस्ट्राफोबिया या ब्रोंटोफोबिया)

डॉक्टर कैसे बता सकते हैं कि मुझे फोबिया विकार है या नहीं?

सामान्य भय व सावधानी और फोबिया विकार के बीच कोई स्पष्ट सीमा रेखा नहीं है। हालाँकि, डॉक्टरों को संदेह होगा कि आपको फोबिया विकार है यदि आपको ऐसा डर है जो:

  • किसी स्थिति या वस्तु से बचने के लिए आपके व्यवहार में बदलाव लाता है

  • खतरे के वास्तविक स्तर की तुलना में जितना शक्तिशाली होना चाहिए, उससे कहीं अधिक शक्तिशाली होता है

  • अत्यधिक भय पैदा करता है या आपके लिए कार्य करना कठिन बना देता है

डॉक्टर फोबिया विकारों का उपचार कैसे करते हैं?

यदि आप अक्सर उस चीज़ के संपर्क में नहीं आते हैं जिससे आप डरते हैं तो आपको उपचार की आवश्यकता शायद नहीं है। उदाहरण के लिए, यदि आप साँपों से डरते हैं, लेकिन एक शहर में रहते हैं, तो साँपों से आपका सामना शायद कभी नहीं होगा, इसलिए आपका डर कोई समस्या नहीं है। लेकिन यदि आपका फोबिया किसी ऐसी चीज़ से जुड़ा है जिससे बचना मुश्किल है, जैसे पुल पर गाड़ी चलाना, तो उपचार आपके जीवन को आसान बना सकता है। उपचार में शामिल है:

  • एक्सपोज़र थैरेपी (इससे हर 10 में से 9 लोगों को मदद मिलती है)

  • कभी-कभी, लक्षणों के अल्पकालिक उपचार के लिए व्यग्रता-रोधी दवा

एक्सपोज़र थैरेपी में, थैरेपिस्ट आपको धीरे-धीरे उस चीज़़ की आदत डालने में मदद करते हैं जिससे आप डरते हैं। उदाहरण के लिए, यदि आप कुत्तों से डरते हैं:

  • तो शुरुआत में आपको कुत्तों की तस्वीरें दिखाई जा सकती हैं

  • जब तक आप चित्रों को देखने में सहज महसूस नहीं करने लग जाते तब तक थैरेपिस्ट आपको शांत रहने में और साँस धीमी रखने में मदद करते हैं

  • इसके बाद आपको एक दूसरे कमरे में असली कुत्ता दिखाया जा सकता है

  • फिर आप धीरे-धीरे कुत्ते के साथ एक ही कमरे में रहने के लिए तैयार होते हैं

  • फिर आप कुत्ते को छूने के लिए तैयार होते हैं

आम तौर पर, एक्सपोज़र थैरेपी के काम करने के लिए आपको केवल कुछ सत्रों की आवश्यकता होती है।

दवाएँ फोबिया को दूर नहीं करती हैं। लेकिन व्यग्रता-रोधी दवा तब मदद कर सकती है जब आप कुछ ऐसा करने से बच नहीं सकते जिससे आपको डर लगता है। उदाहरण के लिए, डॉक्टर आपको विमान में उड़ान भरने से पहले लेने के लिए दवा दे सकते हैं।