व्यायाम कार्यक्रम को आरंभ करने के लिए प्रेरणा

जो लोग सक्रिय नहीं हैं, उन्हें किसी व्यायाम कार्यक्रम को आरंभ करना कठिन लग सकता है और उसे बनाए रखना तो और भी कठिन लग सकता है।

हो सकता है कि लोग एक आधारभूत फ़िटनेस स्तर का पता लगाना चाहें जैसे उनका वजन कितना है, 1 मील (1.6 किलोमीटर) तक पैदल चलने में उन्हें कितना समय लगता है, वे और कितनी दूर तक जा सकते हैं, और वे कितने पुश-अप कर सकते हैं (यद्यपि वो लोग भी व्यायाम कार्यक्रम को आरंभ कर सकते हैं जो पुश-अप नहीं कर सकते)। यह आधारभूत स्तर वाला मूल्यांकन किसी प्रशिक्षक के साथ करने में आसान हो सकता है।

इसके बाद लोगों को अपने लक्ष्य तय करने की आवश्यकता होती है, चाहे लक्ष्य सिर्फ एक अच्छे आकार में आने के लिए आसानी से चलने, दूर तक दौड़ लगाने, या इन्हीं में से कुछ करने के लिए हो। गतिविधि का चुनाव लक्ष्य पर निर्भर कर सकता है।

लोगों को गतिविधियों का चयन करते समय अपनी पसंद का ध्यान रखना चाहिए। कुछ लोग व्यायाम कक्षाओं को इसलिए पसंद करते हैं क्योंकि उनके सहपाठी उन्हें प्रोत्साहन और प्रेरणा देते हैं। कुछ लोग कक्षा के माहौल में थोड़ा डर महसूस कर सकते हैं क्योंकि उन्हें यह डर होता है कि यदि वे नहीं समझ पाए कि उन्हें करना क्या है तो लोग उन्हें मूर्ख समझेंगे। कुछ लोग अकेले काम करना पसंद कर सकते हैं या प्रेरणा और पेशेवर निगरानी पाने में मदद के लिए सीधे निजी प्रशिक्षक के साथ काम करना पसंद कर सकते हैं।

लोग जिम में जाना चुन सकते हैं या घर पर उपयोग करने के लिए उपकरण खरीद सकते हैं। कई तरह के व्यायामों के लिए बहुत कम उपकरण चाहिए होते हैं, लेकिन लोगों को खास गतिविधि के लिए तैयार किए गए जूतों और बाधा उत्पन्न न करने वाले कपड़ों की ज़रूरत पड़ सकती है।

लोग जो व्यायाम करते हैं, हो सकता है कि उस व्यायाम के प्रकार में फेरबदल करने से उन्हें व्यायाम के निरुत्साह लगने से बचने में मदद मिले। व्यायाम के प्रकार में फेरबदल करने से बार-बार एक ही तरह से की जाने वाली क्रियाओं से लगने वाली छोटी-मोटी चोटों से बचने में मदद मिल सकती है।

बहुत से लोगों का मानना है कि लक्ष्यों के प्रति उनकी प्रगति पर नज़र रखना उन्हें व्यायाम करने के लिए प्रेरित रखने में मदद करता है।