चैलाज़ियॉन और स्टाई (होर्डियोलम)

इनके द्वाराJames Garrity, MD, Mayo Clinic College of Medicine and Science
समीक्षा की गई/बदलाव किया गया मई २०२२

चैलाज़िया पलक में गहराई में स्थित तेल ग्रंथि की वृद्धियाँ (मुंहासे के समान) होती हैं जो ग्रंथि के छिद्र के अवरोध के कारण होती हैं। स्टाई या बिलोनियाँ आम तौर से बरौनियों की संक्रमित पुटिकाएं होती हैं।

चैलाज़ियॉन शोथ-ग्रस्त हो सकता है लेकिन संक्रमित नहीं। स्टाई या बिलोनी आम तौर से स्टैफाइलोकॉकल संक्रमण के कारण होती है। कभी-कभी व्यक्ति को ब्लेफ़ेराइटिस (पलकों के सिरों का शोथ) भी होती है। कुछ लोगों को सारे जीवनकाल में एक या दो स्टाई होते हैं, लेकिन अन्य लोगों में वे बार-बार होते हैं। दुर्लभ रूप से, स्टाई (होर्डियोलम) पलक की गहराई में स्थित ग्रंथि में होता है (आंतरिक स्टाई)।

चैलाज़ियॉन और स्टाई के लक्षण

पलक की गाँठ या चैलाज़ियॉन

शुरू में, चैलाज़ियॉन के कारण पलक में सूजन, हल्का सा दर्द, और जलन हो सकती है। हालांकि, कुछ दिनों के बाद ये लक्षण गायब हो जाते हैं, और पलक में एक गोल, दर्दरहित सूजन छोड़ जाते हैं जो पहले हफ्ते में धीरे-धीरे बढ़ती है। कभी-कभार, सूजन बढ़ती जाती है और नेत्र गोलक को दबा सकती है जिससे हल्का सा धुंधलापन हो सकता है। पलक के नीचे की तरफ एक लाल या धूसर क्षेत्र विकसित हो सकता है।

बिलोनी या स्टाई (होर्डियोलम)

आम तौर से स्टाई पलक के सिरे पर लालिमा, कोमलता, और दर्द के साथ शुरू होती है। फिर एक छोटा सा, गोल, कोमल, और सूजा हुआ क्षेत्र बन जाता है। आँख में पानी आ सकता है, तेज रोशनी से संवेदनशील हो सकती है, और ऐसा लग सकता है कि जैसे उसमें कोई चीज है (बाहरी चीज की अनुभूति)। आम तौर से, पलक का छोटा सा क्षेत्र ही सूजता है, लेकिन कभी-कभी पूरी पलक सूज जाती है। अक्सर, सूजे हुए क्षेत्र के केंद्र में एक नन्हा, पीलेपन वाला बिंदु विकसित होता है, जो आम तौर से पलक के सिरे पर स्थित होता है। स्टाई 2 से 4 दिनों में फूट जाती है और उससे थोड़ी सी सामग्री (अक्सर मवाद) निकलती है और समस्या ठीक हो जाती है।

आंतरिक स्टाई के साथ, दर्द और अन्य लक्षण आम तौर से बाहरी स्टाई से अधिक गंभीर होते हैं। दर्द, लालिमा, और सूजन पलक के नीचे होते हैं। कभी-कभार, शोथ गंभीर होता है और उसके साथ बुखार या ठंड लग सकती है।

चैलाज़ियॉन और स्टाई का निदान

  • डॉक्टर की जांच

डॉक्टर चैलाज़ियॉन और स्टाई का निदान जाँच के निष्कर्षों के आधार पर करते हैं।

चैलाज़ियॉन और स्टाई का उपचार

  • चैलाज़ियॉन और स्टाई के लिए, गर्म कम्प्रेस

  • कभी-कभी, स्टाई के लिए सर्जरी या एंटीबायोटिक

पलक की गाँठ या चैलाज़ियॉन

अधिकांश चैलाज़ियॉन 2 से 8 सप्ताह में उपचार के बिना गायब हो जाते हैं। यदि दिन में कई बार (जैसे, 5 से 10 मिनट के लिए दिन में 2 से 3 बार) गर्म कम्प्रेस लगाए जाते हैं, तो चैलाज़ियॉन और भी जल्दी गायब हो सकते हैं। यदि चैलाज़ियॉन इस समय के बाद बने रहते हैं या वे दृष्टि में परिवर्तन उत्पन्न करते हैं, तो डॉक्टर उन्हें खाली कर सकते हैं या उनमें कॉर्टिकोस्टेरॉयड इंजेक्ट कर सकते हैं। क्योंकि चैलाज़ियॉन संक्रमण के कारण नहीं होते हैं, इसलिए आम तौर से एंटीबायोटिक कारगर नहीं होते हैं। जो चैलाज़ियॉन उपचार से ठीक नहीं होते हैं पलक के कैंसर का संदेह दूर करने के लिए उनकी बायोप्सी करनी चाहिए।

बिलोनी या स्टाई (होर्डियोलम)

सबसे अच्छा उपचार है गर्म कम्प्रेस लगाना। गर्मी से स्टाई का मुंह बनने, फूटने, और अपने आप खाली होने में मदद मिलती है। ऐसी बाहरी बिलोनी या स्टाई जो कम्प्रेसों से ठीक नहीं होती है डॉक्टर द्वारा खाली की जा सकती है। क्योंकि आंतरिक स्टाई दुर्लभ रूप से ही खुद खाली होती है, डॉक्टर को उसे सर्जरी से खाली करना पड़ सकता है। आंतरिक स्टाई अक्सर बार-बार होती हैं।

हालांकि कभी-कभी स्टाई का उपचार करने के लिए आँखों में सीधे लगाए जाने वाले एंटीबायोटिकों का उपयोग किया जाता है, वे आम तौर से अधिक मदद नहीं करते हैं, क्योंकि अधिकांश स्टाई उनके बगैर भी कुछ ही दिनों के भीतर ठीक हो जाते हैं। कभी-कभी, यदि पास की आँख में संक्रमण है या सर्जरी से खाली करने के बाद आंतरिक स्टाई के लिए मुंह द्वारा एंटीबायोटिक दिए जाते हैं।